बेहतर तालमेल से जनदर्शन में दिलाया त्वरित समाधान का भरोसा…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे और नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जनदर्शन में व्यक्तिगत एवं सामुदायिक हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर अग्रवाल ने प्रत्येक आवेदक से व्यक्तिगत मुलाकात कर आश्वस्त किया कि हर शिकायत का नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जाएगा।

बोदरी तहसील के ग्राम बोडसरा निवासी छात्र दीपेश कुमार ने राजस्व अभिलेख में नाम त्रुटि के कारण जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र नहीं बन पाने की समस्या रखी। कलेक्टर ने मामले को एसडीओ बिल्हा को सौंपते हुए शीघ्र सुधार के निर्देश दिए, ताकि छात्र की पढ़ाई प्रभावित न हो।
कोटा ब्लॉक के ग्राम पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों ने शासकीय तालाब के निस्तारी मार्ग पर अवैध निर्माण की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि अवैध कब्जे के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। कलेक्टर ने एसडीएम को जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

नहरपारा लिटिया के कैलाश प्रसाद साहू ने किसान सम्मान निधि की राशि न मिलने की गुहार लगाई, जिस पर प्रकरण उप संचालक कृषि को सौंपा गया।
इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 36 बसंत भाई पटेल नगर के निवासियों ने सीसी रोड, नाली, बिजली पोल और पानी पाइपलाइन की मांग रखी। कच्ची सड़क के कारण जलभराव और गंदगी की समस्या सामने रखी गई। इस पर आयुक्त नगर निगम को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
सकरी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कोपरा में प्रस्तावित तालाब निर्माण की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत भी जनदर्शन में पहुंची। ग्रामीणों ने बताया कि खसरा नंबर 81 और 82 की जमीन, जो ग्राम सभा से स्वीकृत है, पर खेती शुरू कर दी गई है। कलेक्टर ने एसडीओ तखतपुर को जांच कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त राजस्व अभिलेख सुधार, जाति प्रमाण पत्र जारी करने, आर्थिक सहायता, बैंक ऋण, किसान सम्मान निधि, जप्त सामान वापसी एवं आवास ऋण से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
जनदर्शन एक बार फिर यह साबित करता नजर आया कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे के नेतृत्व में पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

