विडियो वायरल होने पर पुलिस ने बलवा और हत्या के प्रयास का दर्ज किया मामला पाँच आरोपी गिरफ़्तार
20 अगस्त 2022
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
दो युवकों को बेरहमी से पिटाई व जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। लोहे के पोल में बांधकर युवकों की लाठी डंडे और बेल्ट से बर्बर पिटाई की गई है। चोर होने की शंका पर पांच युवकों ने वारदात को अंजाम दिया है। मारपीट का विडियो जब वायरल हुआ। पुलिस ने इस मामले में बलवा और हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, घटना सीपत थाना क्षेत्र का है। जहां सकरी क्षेत्र के घुरू अमेरी का रहने वाला राजकुमार सूर्यवंशी अपने दोस्त सतसागर धृतलहरे के साथ बसा गांव अपने चचेरे भाई से मोबाइल लेने जा रहा था। इस दौरान देर रात उसका बाइक डगनिया गांव के पास खराब हो गया। राजकुमार गाड़ी रोककर उसे ठीक करने लगा। इस दौरान गांव के युवक सुमित वस्त्रकार, सोनू, पिंटू, विजेंद्र और धीरज वहां पहुंच गए और चोर होने का शक करते हुए उनसे विवाद करने लगे। बताया जा रहा इसी दौरान युवकों ने राजकुमार व उसके दोस्त सतसागर को लोहे के पोल में बांध दिया और बेल्ट और लाठी डंडे से पिटाई करते हुए उनपर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान किसी ने मोबाइल में मारपीट का विडियो बना लिया।
अब मारपीट का वही विडियो वायरल हो रहा है। पीड़ित युवकों ने मामले की शिकायत सीपत थाने में की है। जिसके बाद विडियो के आधार पर पहचान करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ बलवा और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। हमले में प्रयुक्त डंडे और बेल्ट को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।


