दिनदहाड़े नकाबपोश गिरोह ने चाकू की नोक पर दिया 13 लाख 33 हजार की लूट की वारदात को अंजाम
14 नवंबर 2022
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] न्यायधानी में लगातार बढ़ते अपराधों के बीच बिलासपुर सहायक अभियंता कार्यालय में 13 लाख 33 हजार रुपये की लूट। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद स्थित सहायक अभियंता कार्यालय की है। लूट की इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर सभी नकाबपोश आरोपी फरार है, जिनकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, आज तीन से चार नकाबपोश बदमाश दयालबंद सहायक अभियंता कार्यालय में घुसे।
यहां पर चाकू की नोक पर एटीपी ऑपरेटर बीरेंद्र सोनवानी के गले में चाकू टिकाकर जान से मारने की धमकी दी और फिर कार्यालय में लूट की घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
ऑपरेटर सोनवानी ने बताया कि चार लोग नकाब पहन कर आये थे और उन्होंने किसी नशीली दवा छिड़क कर उसे बेहोश कर दिया और काउंटर पर रखे रुपए लेकर फरार हो गए।
सोनवानी ने बताया कि उनमें से एक के हाथ में चाकू था और दूसरा बंदूक निकालने की बात कर रहा था। पुलिस अधिकारी जांच में जुट गए है। शहर से बाहर जाने के रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है।
इधर इस घटना की जानकारी मिलते ही बिलासपुर पुलिस मौके पर पहुंची हुई है। कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज को पुलिस और सायबर सेल की टीम खंगाल रही है। फिलहाल आरोपी फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है।





