बड़े सैक्स रैकेट के गिरोह का हुआ भंडाफोड़…देह व्यापार में लिप्त 11 आरोपी गिरफ्तार…!
रायपुर-{जनहित न्यूज़} रायपुर पुलिस ने बड़े देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह रैकेट शहर के तेलीबांधा और सरस्वती नगर थाना क्षेत्रों में स्थित होटलों में देह व्यापार संचालित कर रहा था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
विदेशी युवतियों को बुलाकर कराया जाता था देह व्यापार जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग राज्यों के अलावा विदेशी युवतियों को भी रायपुर बुलाकर इस अवैध धंधे में धकेलते थे। उज्बेकिस्तान की एक युवती को भी इसी गिरोह ने मुंबई से बुलाया था। इस मामले में मुख्य आरोपी जुगल कुमार राय फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है।

रायपुर पुलिस की सक्रियता से खुला मामला
तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना के दौरान इस गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। घटना में एक कार चालक ने शराब के नशे में लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक एक्टिवा सवार को टक्कर मार दी, जिससे अरुण कुमार विश्वकर्मा की मौत हो गई। पुलिस जब आरोपी से पूछताछ कर रही थी, तब पता चला कि कार में सवार युवती उज्बेकिस्तान की है, जिसे देह व्यापार के लिए रायपुर लाया गया था।
इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू की और इस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में सफलता पाई।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से करते थे सौदेबाजी
गिरोह के सदस्य Locanto App के माध्यम से ग्राहकों को युवतियों के फोटो और रेट भेजते थे। इसके बाद सौदा तय होने पर ग्राहकों को होटल में बुलाकर लड़कियों की सप्लाई की जाती थी।

गिरफ्तार आरोपी:-
1. रवि ठाकरे (55) – निवासी बोरियाखुर्द, रायपुर
2. जागेन्द्र उके उर्फ मोहन (29) – निवासी पहाड़ीपारा, रायपुर
3. बृजेश साहा (35) – निवासी अम्बिकापुर, हाल निवास रायपुर
4. मोहम्मद साजिद (28) – निवासी संतोषी नगर, रायपुर
5. दिनेश लिलवानी (30) – निवासी देवपुरी, रायपुर
6. शेख इमरान (34) – निवासी संजय नगर, रायपुर
7. अमित सोनी (28) – निवासी पुरानी बस्ती, रायपुर
8. रमेन्द्र पाठक (32) – निवासी डीडी नगर, रायपुर
9. शेख नूरूल हक (49) – निवासी टिकरापारा, रायपुर
10. दुर्गेश पनागर (25) – निवासी कवर्धा
11. जुगल कुमार राय (39) – मूल निवासी पश्चिम बंगाल,
12. निवासी रायपुर
कई होटलों पर चल रहा था देह व्यापार
गिरफ्तार आरोपी जुगल कुमार, रवि ठाकरे और जागेन्द्र उके उर्फ मोहन अन्य राज्यों से युवतियों को बुलाकर सरस्वती नगर क्षेत्र के होटलों में देह व्यापार चला रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की भी तलाश कर रही है। पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क बड़े स्तर पर काम कर रहा था और इससे जुड़े अन्य अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
(रायपुर पुलिस की यह कार्रवाई देह व्यापार के अवैध धंधे पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है।)

