शासकीय बंगले की मांग हेतु संभागायुक्त को लिखा पत्र-◆
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर एल पद्मजा पूजा विधानी ने सरकारी आवास की मांग को लेकर संभागायुक्त को पत्र भेजा है। उन्होंने शहर के केंद्र में एक बंगला आवंटित करने की गुजारिश की है, जिससे वे आसानी से जनता से मिल सकें और वार्डों की समस्याओं का समाधान कर सकें।
बंगले पर विवाद! कौन होगा इसका असली हकदार?
सूत्रों के अनुसार, मेयर के लिए आरक्षित बंगला फिलहाल खाली पड़ा है, लेकिन इसकी मरम्मत और रंगरोगन का काम जारी है। दिलचस्प बात यह है कि यह बंगला तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह को आवंटित किया गया है। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह बंगला मेयर को सौंपा जाएगा या नहीं।
क्या “जोगी बंगला” बनेगा मेयर का नया आवास?
नगर निगम प्रशासन इस विवाद के बीच एक बैकअप प्लान भी तैयार कर रहा है। चर्चा है कि खाली पड़े “जोगी बंगले” को मेयर को आवंटित किया जा सकता है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला प्रशासन को लेना है।
अब देखने वाली बात होगी कि क्या मेयर पूजा विधानी को उनकी मांग के अनुरूप सरकारी बंगला मिलेगा या उन्हें किसी और जगह पर उनको शासकीय बंगला आवंटित किया जाएगा? इस पर प्रशासन का अगला कदम क्या होगा, यह देखना दिलचस्प होगा।

