बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) ने 1 मार्च को नेहरू चौक में केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और ईडी का पुतला दहन कर नारेबाजी की।
केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ नारेबाजी
सुबह कांग्रेस भवन में कार्यकर्ता एकत्र हुए और “ईडी मुर्दाबाद”, “तानाशाही नहीं चलेगी”, “प्रजातंत्र बचाना है- भाजपा को भगाना है” जैसे नारे लगाते हुए नेहरू चौक पहुंचे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस पहले से ही सतर्क थी और पुतला छीनने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा देते हुए पुतले को आग के हवाले कर दिया। पुलिसकर्मी जलते पुतले को बुझाने के लिए दौड़ते रहे, लेकिन कांग्रेसजन अपनी रणनीति में सफल रहे।

भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि “भाजपा सरकार लोकतांत्रिक मर्यादाओं को लांघ रही है। विपक्षी नेताओं को डराकर शासन करना चाहती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी द्वारा कांग्रेस नेताओं से अनावश्यक पूछताछ की जा रही है, जिसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री से 8 घंटे तक पूछताछ और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की जासूसी कराना शामिल है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन चुका है, जहां बलात्कार, हत्या, लूट, साइबर क्राइम जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने भाजपा पर ईवीएम में हेरफेर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बैलेट वोटिंग के कारण भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।

“लोकतंत्र को कमजोर मत करो” – विजय पांडेय
विजय पांडेय ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि “लोकतंत्र के स्तंभ को इतना कमजोर मत करो कि जब वह टूटे तो आप भी धराशायी हो जाओ।” उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी हार स्वीकार नहीं कर पा रही है, इसलिए कांग्रेस नेताओं को ईडी, सीबीआई और आईटी के जरिए परेशान कर रही है।
कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व महापौर रामशरण यादव, राजेंद्र साहू, शिवा मिश्रा, पंकज सिंह, जितेंद्र पांडेय, राकेश शर्मा, प्रवक्ता ऋषि पांडेय, समीर अहमद, आशीष गोयल, विनोद साहू, सुभाष ठाकुर, अशोक सूर्यवंशी, चंद्रहास केशरवानी, शहजादी कुरैशी, रमाशंकर बधेल, सीमा घृतेश, स्वर्णा शुक्ला, शारदा नागरकर, सुदेश नंदिनी, मोह हफीज, सरजू बर्मन, कमल गुप्ता, राजेश ताम्रकार, मनोज सिंह, देवदत्त शर्मा, उमेश कश्यप, बालचंद साहू, गौरव एरी, अखिलेश गुप्ता, संजय यादव, अजय काले, राज कुमार यादव, पवन साहू, मोह अयूब, रमेश गुप्ता, घनश्याम कश्यप, देवेंद्र मिश्रा, सुरेंद्र तिवारी, किशन पटेल, शेर सिंह कश्यप, हेरि डेनिएल, संतोष पिप्पलवा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आगे की रणनीति कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध जारी रखेंगे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे।

