
श्रीराम जन्मोत्सव को लेकर तैयारियों में जुटे नगरवासी श्रदालुओं में दिखा गजब का उत्साह◆◆◆
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] रामनवमी के शुभ अवसर पर बिलासपुर की ऐतिहासिक और पारंपरिक शोभायात्रा का आयोजन इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ किया जा रहा है। वेंकटेश मंदिर से रविवार शाम 4 बजे भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए प्रस्थान करेगी। यह परंपरा विगत 60 वर्षों से अधिक समय से चली आ रही है और इस बार भी श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर है।
श्रीराम जन्मोत्सव की शुरुआत सुबह आरती के साथ होगी, जिसके बाद सुबह 9 बजे से भजन सेवा का आयोजन होगा। दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम के जन्मलग्न पर महाआरती की जाएगी, तत्पश्चात भक्तों को महाप्रसाद (भोजन) वितरित किया जाएगा।
शाम 4 बजे से मंदिर परिसर से नगर भ्रमण के लिए भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जिसमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी की आकर्षक झांकियां सम्मिलित होंगी। साथ ही राम-लक्ष्मण द्वारा यज्ञ रक्षा, गोस्वामी तुलसीदास, अयोध्या के रामलला और नवदुर्गा की झांकियां भी शोभा बढ़ाएंगी।
झांकियों के आगे वीरांगनाएं शौर्य प्रदर्शन करते हुए परंपरागत नारी शक्ति का दर्शन कराएंगी, जिससे शोभायात्रा का दृश्य और भी मनोहारी हो जाएगा।
श्रद्धालुजनों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाएं।