थाना बिल्हा एवं एसीसीयू एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई को मिली बड़ी सफलता…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शहर में सराफा दुकानों में खरीदारी के बहाने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोरों के गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
थाना बिल्हा एवं एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 23 तोला सोना, 1.6 किलोग्राम चांदी, 4,47,000 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त दो कारें बरामद की गई हैं। कुल बरामदगी की कीमत लगभग 26.83 लाख रुपये आंकी गई है।

मामले का खुलासा हुआ:
शिवशंकर ज्वेलर्स, बिल्हा के संचालक मनोहर जायसवाल ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि संजना साहू नामक महिला बीते दो-तीन वर्षों से अन्य महिला साथियों के साथ खरीदारी के बहाने दुकान आती रही है। लगातार व्यापार में हो रहे नुकसान के बाद जब उन्होंने CCTV फुटेज खंगाले, तो संजना और उसकी साथियों द्वारा चोरी करते हुए देखा गया।

पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दुकान के पास घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ में उन्होंने चोरी की बात स्वीकार की। मुख्य आरोपी संजना साहू ने बताया कि उसने अपने ममेरी बहन से जानकारी मिलने पर दुकान में चोरी की योजना बनाई थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी के आभूषण संजना का पति बाजार में बेचता था।
गिरफ्तार आरोपी:
1. संजना साहू उर्फ रेखा तिवारी (36 वर्ष), निवासी बहतराई
2. सीमा साहू (30 वर्ष), निवासी बहतराई
3. अनिता साहू (25 वर्ष), निवासी चैकी मोपका
4. कोमल साहू (26 वर्ष), निवासी चैकी मोपका
चारों आरोपी रिश्तेदार हैं और बहतराई एवं मोपका क्षेत्र के निवासी हैं। गिरोह खरीदारी के बहाने कार से दुकानों पर पहुंचता और मौका देखकर आभूषण चोरी कर लेता था।

जांच टीम में शामिल रहे:
थाना प्रभारी बिल्हा निरीक्षक
उमेश कुमार साहू, एसीसीयू निरीक्षक अजहर, प्र.आर. बलराम विश्वकर्मा, आरक्षक संतोष मरकाम, सुमन कश्यप, अविनाश कश्यप, बोधू कुम्हार, महिला आरक्षक जिवंती भगत और सुनीता पाटले। सभी की कार्यशैली की पुलिस अधीक्षक द्वारा सराहना की गई है।
पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है और अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।

