शहर के हर चौक चोराहों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कसी लगाम…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु जिला यातायात पुलिस ने आज एक बड़ी और सघन कार्रवाई को अंजाम दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश और एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में यह अभियान पूरे शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर चलाया गया।
यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर सख्त चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। नो-पार्किंग, रॉन्ग साइड पार्किंग, बिना नंबर प्लेट या अस्पष्ट नंबर वाले वाहनों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया गया।

इस अभियान में तीन लिफ्टर क्रेन की मदद से नेहरू चौक, मुंगेली नाका, मंगला चौक, अमेंरी चौक, महाराणा प्रताप चौक, राजीव गांधी चौक, मंदिर चौक, बेयर हाउस चौक, राजेन्द्र नगर, बृहस्पति बाजार, फूल चौक, ईदगाह चौक सहित अन्य इलाकों में कार्रवाई की गई। लापरवाहीपूर्वक खड़े वाहनों को मौके पर ही उठाकर चालान किया गया।

कार्यवाही के दौरान दुकान संचालकों को भी चेताया गया कि वे अपनी दुकानों के सामने अवैध पार्किंग न कराएं, अन्यथा उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी यातायात की टीम में एएसआई सुरेंद्र तिवारी, कृष्ण कुमार मरकाम, इंदल पाटले, अभय खलखों सहित 20 से अधिक अधिकारी व जवान शामिल रहे।

जिला यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें, जिससे शहर में आवागमन सुरक्षित, सरल और सुगम बना रहे।

