एसएसपी ने सरकंडा थाने का किया औचक निरीक्षण दिखे सख्त तेवर…!
पुलिस महकमे को दिए स्पष्ट संकेत लापरवाही और विलंब बर्दाश्त नही…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर जिले में कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने और जनता को समय पर न्याय दिलाने के उद्देश्य से एसएसपी रजनेश सिंह अब ऐक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। जिले के हर थाना अब उनके रडार पर है। उन्होंने साफ संदेश दिया है कि केवल शिकायत दर्ज करना ही नहीं, बल्कि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना हर पुलिसकर्मी की अहम जिम्मेदारी है।
इसी क्रम में एसएसपी रजनेश सिंह ने सरकंडा थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना प्रबंधन, लंबित मामलों की स्थिति और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि थाने में आने वाली हर शिकायत का त्वरित समाधान किया जाए। साथ ही मर्ग जांच और अपराधों के निराकरण में किसी भी प्रकार की ढिलाई न हो। मेडिकल रिपोर्ट और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त कर विवेचना को समयसीमा में पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ आरक्षकों द्वारा किए गए अच्छे कार्यों की सराहना भी की गई। जिन्होंने समय पर जांच पूरी कर अपराधों में चालान प्रस्तुत किया, उन्हें प्रशंसा पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। एसएसपी सिंह ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग का मूल आधार है।शीघ्र न्याय। इसके लिए अपराधों की विवेचना निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर कोर्ट में पेश की जाए।

एसएसपी ने थाना प्रभारी, सीएसपी और एडीशनल एसपी को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे थानों में दर्ज अपराधों की समीक्षा कर एक तय टाइमलाइन के अनुसार निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि थानों में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत किया जाए, ताकि आम जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक बढ़े।
एसएसपी रजनेश सिंह का यह निरीक्षण और सख्त तेवर पुलिस महकमे में स्पष्ट संकेत दे रहा है कि अब लापरवाही और विलंब की कोई जगह नहीं है। अब हर थाना समयबद्ध और पारदर्शी कार्यप्रणाली के तहत काम करेगा, ताकि जनता को न्याय की गारंटी मिल सके।

