आपस मे रिश्तेदार है पांचों आरोपी
एक साथ तीन जिलों में दिया था घटना को अंजाम…! महाराष्ट्र के भंडारा जिले से पुलिस ने धरदबोचा…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर छत्तीसगढ़ की बिलासपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। रायपुर, राजनांदगांव और बिलासपुर सहित कई जिलों की ज्वेलरी दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं। गिरफ़्तार किए गए सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद के निवासी हैं।
चोरी गई 22 लाख की संपत्ति बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 14 लाख रुपये कीमत के 140 ग्राम सोने के जेवर, 3 किलो चांदी के जेवर, 94 हजार रुपये नकद और करीब 6 लाख रुपये कीमत की मारुति बलेनो कार बरामद की है। कुल बरामदगी की कीमत लगभग 22 लाख रुपये आंकी गई है।
48 घंटे में बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में एसीसीयू (साइबर सेल) और थाना सिटी कोतवाली की टीम ने इस मामले में सटीक तकनीकी इनपुट के आधार पर महज़ 48 घंटों में आरोपियों को महाराष्ट्र के भंडारा जिले में घेराबंदी कर धरदबोचा।
आरोपियों ने कबूली कई वारदातें

पकड़े गए आरोपी
प्रदीप सोनी (21), मालती सोनी (52), पूनम सोनी (36), राहुल सोनी उर्फ मनीष (22) और श्याम सोनी (35) ने पूछताछ में बिलासपुर के हिम्मत लाल ज्वेलर्स, रायपुर के माँ बंजारी ज्वेलर्स, और राजनांदगांव के लक्ष्मी ज्वेलर्स में चोरी की वारदातें कबूल की हैं।
नकली सोना देकर ठगी का नया तरीका अपनाया…
28 अप्रैल को बिलासपुर के गोलबाजार स्थित हिम्मत लाल ज्वेलर्स में दो महिलाओं ने नकली सोने को असली बताकर 42.3 ग्राम सोना और 13,572 रुपये नकद ठग लिए थे, जिस पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह को बेनकाब किया।
प्रदेश सराफा एसोसिएशन ने जताया पुलिस का आभार.
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर सराफा व्यवसायियों में असंतोष था। प्रदेश सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी बिलासपुर पुलिस से लगातार संपर्क में थे। मामले के सुलझने पर उन्होंने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान
इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली साइबर सेल और कोतवाली थाना टीम को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है। निरीक्षक राजेश मिश्रा, निरीक्षक अजहरउद्दीन, विवेक पांडे और उनकी टीम की कार्यशैली को विशेष सराहना मिली है।
जाँच जारी, गिरोह के अन्य सदस्य भी रडार पर
आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य संभावित वारदातों व गिरोह के सदस्यों की तलाश की जा रही है।

