तिरंगा यात्रा…बहतराई में जागरूकता हेतु
दिखा प्रशासनिक समन्वय का अद्भुत उदाहरण…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}बिलासपुर तखतपुर विकासखंड के बहतराई गांव में आज देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसपी रजनेश सिंह एक साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। यह यात्रा एनआरएलएम महिला समूहों की पहल पर आयोजित की गई थी, जिसमें दोनों अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को नई ऊंचाई दी।

इस अवसर पर कलेक्टर ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रेरक कथा सुनाकर उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति की भावना का संचार किया। पूरे गांव का वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्चना झा की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।

यात्रा के माध्यम से प्रशासन ने केवल देशभक्ति का संदेश ही नहीं दिया, बल्कि सामाजिक सरोकारों की भी चर्चा की। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ग्रामीणों से संवाद कर जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने भूजल स्तर बढ़ाने के उपाय साझा करते हुए परंपरागत खेती में बदलाव और वर्षा जल संचयन पर जोर दिया।

वहीं, एसपी रजनेश सिंह ने महिलाओं की शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए गांव में चलित थाना प्रारंभ करने की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि अवैध शराब बिक्री और नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह समन्वित प्रयास ‘मोर गांव मोर पानी’ जैसे अभियानों को और भी प्रभावशाली बना रहा है, जिससे गांव-गांव में सकारात्मक बदलाव की बयार चल रही है। प्रशासनिक तालमेल का यह उदाहरण निश्चित रूप से अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।

