अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में अब तक 1920 लापरवाह वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस किये गए निलंबित…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}बिलासपुर यातायात व्यवस्था को अनुशासित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर यातायात पुलिस ने एक सख्त कदम उठाया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में अब तक 1920 लापरवाह वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई है, जिसमें यातायात नियमों का लगातार उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध कठोर रवैया अपनाया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने बताया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर अब केवल चालानी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि लाइसेंस निलंबन और निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी सख्ती से की जा रही है। रेड लाइट जम्पिंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, नशे में ड्राइविंग, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट जैसे गंभीर मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 185, 112/183, 194(घ), 194(ख)(1) आदि के तहत त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
श्री करियारे ने यह भी बताया कि जिन चालकों की गलती से सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, उनके लाइसेंस भी तत्काल निलंबित किए जा रहे हैं और उन्हें दोबारा ड्राइविंग की अनुमति तभी दी जाती है जब वे कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा कर आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त कर लें।

यातायात पुलिस बिलासपुर, ‘इंजीनियरिंग, एजुकेशन और एनफोर्समेंट’ जैसे तीन स्तंभों पर कार्य करते हुए यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। सड़क सुरक्षा को लेकर जनता को जागरूक करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाया जा रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में यह पहल न केवल एक अनुशासित यातायात व्यवस्था की दिशा में मील का पत्थर है, बल्कि यह संदेश भी है कि अब नियम तोड़ने वालों के लिए कोई माफी नहीं होगी।
यातायात पुलिस बिलासपुर की सभी वाहन चालकों से अपील है कि सुरक्षा मानकों का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें, ताकि सभी के लिए सड़कें सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनी रहें।

