ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव ने दिखाएं कड़े तेवर…अधिकारियों विद्युत व्यवस्था जल्द सुधारने के दिए आदेश…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर गर्मी के चलते बिजली की आंखमिचोली से परेशान बिलासपुर वासियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। छत्तीसगढ़ शासन के ऊर्जा सचिव एवं छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव ने सोमवार को कलेक्टोरेट परिसर स्थित मंथन सभा कक्ष में जिले के विद्युत अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की बिगड़ती विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर गहन चर्चा हुई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

बैठक में संभाग आयुक्त सुनील कुमार जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, सीएसपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर, कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ, नगर निगम आयुक्त, सीईओ जिला पंचायत, डीएफओ समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
गर्मी में बढ़ते लोड से पैदा हो रही दिक्कतें
बैठक के दौरान डॉ. यादव ने अधिकारियों से मैदानी हालात की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और मौसम में आए बदलाव के चलते ट्रांसफार्मरों व विद्युत लाइनों में बार-बार खराबी आ रही है, जिससे सप्लाई बाधित हो रही है। इस पर तत्काल नियंत्रण पाने के लिए सभी जरूरी उपाय किए जाएं।

रात में भी मिले निर्बाध बिजली
संभाग आयुक्त ने नगर के अधीक्षण अभियंता पी.आर. साहू को बार-बार बिजली बंद होने और इसके चलते वॉटर वर्क्स से जल आपूर्ति बाधित होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि रात के समय भी बिजली आपूर्ति सुचारू रहे, इसके लिए रात्रिकालीन शिफ्ट में अतिरिक्त स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाए।
बैठक में डॉ. यादव ने आरडीएसएस योजना, पीएम सूर्यघर योजना और स्मार्ट मीटर कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी शासकीय आवासों व कार्यालयों में प्राथमिकता से स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों को स्मार्ट मीटर के फायदों की जानकारी देने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।

नगर निगम देगा सहयोग
नगर निगम आयुक्त ने विद्युत लाइनों की मरम्मत में स्टाफ व वाहन की सुविधा देने का आश्वासन दिया। बैठक के अंत में डॉ. यादव ने सभी अधिकारियों से कहा कि सुधार कार्यों को तत्काल प्रभाव से पूरा करें और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए पूर्व तैयारी की जरूरत पर भी बल दिया।
बिलासपुर में बिजली संकट को गंभीरता से लेते हुए शासन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दे दिए हैं। आने वाले दिनों में शहरवासियों को राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।

