बिलासपुर प्रेस क्लब ने एस.एस.पी. रजनेश सिंह को सौंपा ज्ञापन…! पुलिस-प्रेस के समन्वय को लेकर लिए गए अहम फैसले…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}बिलासपुर दैनिक अखबार के फोटो पत्रकार शेखर गुप्ता और उनके पिता पर 23-24 मई की रात हुए जानलेवा हमले के बाद बिलासपुर प्रेस क्लब ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रेस क्लब के हस्तक्षेप और मांगों के बाद पुलिस प्रशासन ने हमलावरों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्यवाही करने का निर्णय लिया है। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए थानों में उनका बायोडाटा दर्ज किया जाएगा और पत्रकारों व पुलिस अधिकारियों के बीच एक आपातकालीन संवाद व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया जाएगा।

इस गंभीर घटना के विरोध में शनिवार को प्रेस क्लब में आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया। सभी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को कठोर सजा देने की मांग की। इसके बाद प्रेस क्लब अध्यक्ष इरशाद अली के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि जिन आरोपियों के खिलाफ पहले से आपराधिक रिकॉर्ड हैं, उनके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक थाना क्षेत्र में कार्यरत पत्रकारों की सूची व संपर्क जानकारी थानों में रखी जाएगी ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहयोग संभव हो सके।
प्रेस क्लब ने यह भी सुझाव दिया कि पत्रकारों और थाना प्रभारियों के बीच एक समर्पित व्हाट्सएप ग्रुप बने, जिससे सीधे संवाद स्थापित हो सके और आपसी विश्वास व सहयोग को मजबूत किया जा सके। पुलिस ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए पत्रकारों की सूची मांगी है।

घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई को प्रेस क्लब ने सराहा, लेकिन साथ ही यह भी मांग की कि गैर-पत्रकार और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को “पत्रकार” के रूप में तवज्जो न दी जाए। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कदम उठाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध त्वरित व प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

