आग इतनी तेजी से फैली कि दो दर्जन व्यापारिक प्रतिष्ठान जलकर पूरी तरह हुए खाक…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}बिलासपुर शहर के सबसे व्यस्तम कपड़ा मार्केट में आज सुबह करीब तीन बजे के आसपास में भीषण आग लग गई जिसमें करीब 24 दुकानों में रखा माल जलकर खाक हो गया।
सौभाग्यवश हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, परंतु करोड़ों का माल जलकर खाक हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत एक दुकान से हुई और कुछ ही पलों में उसने आसपास की अन्य दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते कॉस्मेटिक, फुटवियर, किराना, वस्त्र और कृत्रिम आभूषण की कई दुकानें आग में स्वाहा हो गईं। घटना की खबर मिलते ही दमकल दल मौके पर पहुंचा और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
शनिचरी बाजार की संकरी गलियों में आग बुझाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल की गाड़ियाँ सीधे घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं, जिससे बचाव कार्य में विलंब हुआ और आग ने तब तक अधिकांश दुकानों को अपने कब्जे में ले लिया।
व्यापारियों के अनुसार, इस हादसे में करीब 50 से 60 लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अधिकांश दुकानें पूरी तरह से जल चुकी थीं।
प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं, जबकि व्यापारियों ने उचित मुआवज़े की मांग की है।

