गहरे पानी और गड्ढे में जाने के बाद बहने की आशंका सिटी कोतवाली पुलिस और SDRF की टीम सर्च ऑपरेशन में जुटी…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर अरपा नदी में शनिवार को उस वक्त दर्दनाक हादसा हो गया, जब नहाने गए दो बच्चे अचानक गहरे पानी में लापता हो गए। दोनों बच्चों के पानी में बहने की खबर फैलते ही दयालबंद के मधुबन इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर परिजनों की चीख-पुकार और बच्चों को तलाशने की बेचैनी से माहौल गमगीन हो गया।
लापता बच्चों की पहचान मधुबन अटल आवास निवासी 12 वर्षीय आयान अंसारी और 16 वर्षीय इमरेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों शनिवार दोपहर मोहल्ले के पास स्थित अरपा नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान दोनों नदी के ऐसे हिस्से में चले गए, जहां पानी गहरा और गड्ढेनुमा था। देखते ही देखते दोनों पानी के तेज बहाव में बह गए और फिर दिखाई नहीं दिए।
बचाने की कोशिश हुई, लेकिन आंखों के सामने ओझल हो गए मासूम-
हादसे के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके। कुछ ही देर में दोनों बच्चे नदी की लहरों में ओझल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर भी बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू कराया। बाद में SDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और नदी के संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
गोताखोरों के देर से पहुंचने पर परिजनों में नाराजगी-:
हादसे के बाद बच्चों के परिजन लगातार जल्द से जल्द रेस्क्यू शुरू करने की मांग करते रहे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद गोताखोरों के पहुंचने में काफी समय लगा। करीब सवा घंटे तक इंतजार के बाद भी गोताखोरों के नहीं पहुंचने को लेकर मौके पर लोगों में नाराजगी देखी गई।
नदी किनारे टिकीं निगाहें, अपनों के लौटने की उम्मीद
फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। संभावित गहरे हिस्सों, गड्ढों और बहाव वाले स्थानों पर बच्चों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी जुटे हुए हैं। वहीं परिजन नदी की ओर टकटकी लगाए अपने बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

