प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कमल सोनी उपाध्यक्ष नवदीप सिंह अरोड़ा और मंत्री अनिल वाधवानी नया नेतृत्व अब बिलासपुर इकाई में गढ़ेगा नए आयाम…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की बिलासपुर इकाई को नया नेतृत्व मिल गया है। प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने थोक रेडीमेड एवं होजरी व्यापारी संघ के अध्यक्ष भागचंद बजाज को बिलासपुर इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके अध्यक्ष बनने से संगठन में उत्साह की लहर दौड़ गई है।
भागचंद बजाज व्यापारिक संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं और संगठित व्यापार की मजबूती के पक्षधर रहे हैं। अपने अनुभव और संगठनात्मक दक्षता के बल पर वे अब नई कार्यकारिणी का गठन करेंगे और व्यापारिक हितों की दिशा में सशक्त कार्य करेंगे।
बिलासपुर से प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कमल सोनी, उपाध्यक्ष नवदीप सिंह अरोड़ा और मंत्री अनिल वाधवानी जैसे अनुभवी पदाधिकारियों के सहयोग से अब बिलासपुर इकाई को नए आयाम मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एक ऐसा मंच है जहाँ व्यापारी अपने मुद्दे और समस्याएं साझा कर समाधान प्राप्त करते हैं। तीन वर्ष पहले जहाँ मात्र 375 सदस्य थे, वहीं आज यह संख्या बढ़कर 1500 से अधिक हो चुकी है। यह संगठन पूरे राज्य में 25,000 से ज़्यादा व्यापारियों को एक मंच पर लाकर मजबूती प्रदान कर रहा है।
व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में भी चैंबर सक्रिय रहा है। रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, क्रिकेट व बैडमिंटन टूर्नामेंट जैसे आयोजनों के माध्यम से व्यापारियों में उत्साह और सामाजिक जागरूकता दोनों का संचार किया गया है।

भागचंद बजाज का अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सक्रियता संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी, यह विश्वास पूरे व्यापारिक समुदाय को है।
नए अध्यक्ष को शुभकामनाएं, संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा की ओर अग्रसर होने की उम्मीद!

