कहा…! पहले खुद सुरक्षित रहे तभी बहनों की कर पाएंगे रक्षा…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} रक्षाबंधन के पवित्र पर्व से पहले बिलासपुर की सड़कों पर सुरक्षा और संवेदनशीलता का अनोखा संदेश गूंजा। यातायात पुलिस और शहर के विभिन्न नागरिक संगठनों ने शहर के चौक-चौराहों पर अभियान चलाकर भाईयों को याद दिलाया कि बहनों की रक्षा का पहला कदम स्वयं की सुरक्षा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस विशेष अभियान में यातायात पुलिस ने हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने की भावनात्मक अपील की।

अभियान के दौरान नागरिक संगठनों ने पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से संदेश दिया। इस राखी, रक्षा के साथ सुरक्षा भी,
करोगे तब बहनों की रक्षा, जब करोगे अपनी सुरक्षा,
“हेलमेट को करोगे Bye, तो यमराज कहेंगे Hi…

सड़क पर ‘यमराज’ के रूप में सजे स्वयंसेवक भी लोगों को समझाते दिखे कि यातायात नियमों की अनदेखी केवल चालान नहीं, बल्कि जीवन के लिए संकट है।

पुलिस ने साफ कहा कि लापरवाह वाहन चालकों को न तो माफ किया जाएगा और न ही चेतावनी के बाद ढील दी जाएगी। अभियान के दौरान ‘लेफ्ट फ्री’ जैसी सुविधाओं के दुरुपयोग पर भी वाहन चालकों को समझाइश दी गई।

यातायात पुलिस और नागरिक संगठनों ने मिलकर लोगों को यह अहसास कराया कि हर भाई की असली राखी तभी सुरक्षित है, जब वह घर लौटते समय सुरक्षित हो। इस मार्मिक अपील के जरिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने शहरवासियों से कहा…
बहन की राखी का मान रखिए, खुद की जान बचाइए, यातायात नियमों का पालन करिए।

