चमचे सांप और बिच्छू से भी ज्यादा खतरनाक…मैं अपने आसपास के ऐसे लोगों को पहचानता हूँ…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज] कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने पत्रकारों से बातचीत में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि चमचे और सच्चे कार्यकर्ताओं में जमीन-आसमान का फर्क होता है। चमचे सांप और बिच्छू की तरह होते हैं, उनसे हमेशा सतर्क रहना चाहिए। मैं अपने आसपास के चमचों को अच्छे से पहचानता हूँ।

महंत ने बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ भवन में 9 सितंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के महा प्रदर्शन को लेकर पत्रकार वार्ता की। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट करेंगे। इस आंदोलन के माध्यम से जनता को यह संदेश दिया जाएगा कि उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। महंत ने कहा… वोट चोर गद्दी छोड़ आंदोलन प्रदेश के हर जिले में होगा और बिलासपुर इसका केंद्र रहेगा।
जब उनसे चमचों वाले बयान पर सवाल किया गया तो महंत ने स्पष्ट किया कि सच्चा कार्यकर्ता जमीन पर रहकर गरीबों और समाज के उत्थान के लिए कार्य करता है। लेकिन चमचे केवल अपने स्वार्थ के लिए नेता के आसपास मंडराते हैं। ऐसे लोग अंततः अपने नेता को भी नुकसान पहुँचा देते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने के सवाल पर उन्होंने पलटवार किया यह स्पष्ट किया जाए कि गाली किसने दी…?
क्या किसी कांग्रेस कार्यकर्ता ने या किसी अन्य दल के व्यक्ति ने दी…? भाजपा को पहले यह बताना चाहिए।
ईवीएम को लेकर पूछे गए सवाल पर महंत ने दोहराया कि ईवीएम आज भी चुनाव में गड़बड़ी का जरिया है। वोट बदलने और अधिकार छीनने की साजिश इसी मशीन से होती है। कांग्रेस आज भी बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने की मांग करती है।

