पायलट बोले लोकतंत्र की हत्या करने वाले वोट चोर अब सत्ता नहीं बचा पाएंगे…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का राज्यव्यापी प्रदर्शन सोमवार को बिलासपुर से शुरू हुआ। ग्रीन गार्डन मैदान में जुटी भीड़ ने माहौल गरमा दिया। मंच पर मौजूद कांग्रेस के बड़े नेताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला।

सचिन पायलट का हमला:-
प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने गरजते हुए कहा देश की जनता वोट चोरों को कभी माफ नहीं करेगी। यह लोकतंत्र की खुली हत्या है। चुनाव आयोग को जवाब देना होगा कि यह सारा षड्यंत्र कैसे हुआ और किसके इशारे पर हुआ।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता हथियाने के लिए वोट चोरी की सुनियोजित साजिश रची और चुनाव आयोग मूकदर्शक बना रहा। पायलट ने कटाक्ष किया… यहां दाल में काला नहीं, पूरी दाल ही काली है। भाजपा का चेहरा, चरित्र और चाल अब पूरी तरह जनता के सामने बेनकाब हो चुका है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी तीखे तेवर दिखाते हुए कहा…
राहुल गांधी ने 7 अगस्त को वोट चोरी का प्रमाण पेश किया था। भाजपा को बचाने वाला यह खेल ज्यादा दिन छुपा नहीं रहेगा। जल्द ही ऐसा हाइड्रोजन बम फूटेगा कि भाजपा की नींव हिल जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र व राज्य सरकार को घेरते हुए कहा…

भाजपा और चुनाव आयोग के बीच गुप्त गठबंधन हो चुका है। यही मिलीभगत सत्ता हथियाने का सबसे बड़ा हथियार बनी। छत्तीसगढ़ की जनता बेहाल है किसान, शिक्षक, विद्यार्थी, बस्तर के आदिवासी सब त्राहि-त्राहि कर रहे हैं, लेकिन सरकार बहरी बनी हुई है।”
उन्होंने ऐलान किया यह आंदोलन गांव-गांव, हाट-बाजार और गली-मोहल्लों तक पहुंचाया जाएगा। जनता अब चुप नहीं बैठेगी।

पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा…
मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी हुई है। वोटों का बड़ा अंतर इस बात का सबूत है कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। अगर आयोग ने पारदर्शिता नहीं दिखाई, तो लोकतंत्र ही खतरे में पड़ जाएगा।
चरणदास महंत का तगड़ा हमला…

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा… भाजपा ने सत्ता हथियाने के लिए मतदाताओं के भरोसे पर डाका डाला। मतदान के बाद घोषित प्रतिशत और आयोग के आंकड़ों में भारी अंतर यह दर्शाता है कि भाजपा को सत्ता में बनाए रखने के लिए पूरे तंत्र ने उसकी मदद की है।

