40 दिन में राशि दोगुनी करने का प्रलोभन 1 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी आरोपी नायरा भगवानी, मुरली लहजा गिरफ़्तार…! मुख्य आरोपी हीरानंद भगवानी अब भी फरार…!
ठगी से अर्जित करोड़ों की संपत्ति कुर्क के आदेश…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज}बिलासपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के कुशल नेतृत्व में बिलासपुर पुलिस ने अपराध और अपराधियों पर कड़ा प्रहार करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत ठगी से अर्जित संपत्ति को कुर्क करने की ऐतिहासिक कार्रवाई की है। यह कदम प्रदेश में अपराधियों के विरुद्ध की गई सबसे तेज़ और प्रभावी कार्यवाही के रूप में दर्ज हो रहा है।
आइए जानते है क्या है पूरा मामला ?
थाना सिविल लाइन, बिलासपुर में अपराध क्रमांक 1041/2025 दर्ज हुआ था, जिसमें आरोपित हीरानंद भगवानी, नायरा भगवानी और मुरली लहजा पर आरोप है कि उन्होंने 100 से अधिक निर्दोष नागरिकों को 40 दिन में राशि दोगुनी करने का प्रलोभन देकर 1 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित नायरा भगवानी एवं मुरली लहजा को गिरफ्तार कर लिया।
जबकि मुख्य आरोपी हीरानंद भगवानी अब भी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम तैनात की गई है।
ठगी की रकम से खरीदी संपत्ति
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने ठगी से प्राप्त धन से ग्राम तिफरा स्थित 1200 वर्ग फीट का भूखंड 25 लाख 80 हजार रुपये में खरीदा। यह संपत्ति अपराध की आय होने के कारण बिलासपुर पुलिस ने BNSS की धारा 107 के अंतर्गत कुर्क करने हेतु न्यायालय में सशक्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है।
BNSS की धारा 107 का महत्व
BNSS की धारा 107 पुलिस को यह विशेषाधिकार देती है कि अपराधियों की अवैध कमाई को कुर्क कर उन्हें आर्थिक दृष्टि से पंगु बनाया जा सके। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अपराध से अर्जित लाभ अपराधियों के किसी उपयोग में न आए और पीड़ितों को न्याय मिले।
सिर्फ 10 दिन में ऐतिहासिक कार्रवाई
अपराध दर्ज होने के सिर्फ 10 दिन के भीतर बिलासपुर पुलिस ने यह कठोर कदम उठाया और न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। यह न केवल पुलिस की तत्परता और दृढ़ निश्चय को दर्शाता है, बल्कि यह भी संदेश देता है कि अपराध और अपराधियों के प्रति शून्य सहनशीलता अपनाई जाएगी।
विवेचक को पुरस्कृत
इस प्रकरण की विवेचना कर रहे उप निरीक्षक विष्णु यादव को उनके उत्कृष्ट अन्वेषण कार्य हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा नकद इनाम प्रदान करने की घोषणा की गई है।
बिलासपुर पुलिस की दृढ़ नीति
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि बिलासपुर पुलिस अपराधियों को उनके अपराध से अर्जित लाभ का उपभोग करने नहीं देगी। अपराध का प्रतिफल जब्त कर पीड़ितों के हित में न्याय सुनिश्चित करना ही पुलिस का लक्ष्य है।यह कार्रवाई बिलासपुर पुलिस की निष्पक्षता, तत्परता और कठोरता का प्रमाण है और निश्चित रूप से आने वाले समय में अपराधियों के लिए चेतावनी तथा पीड़ितों के लिए आशा की किरण साबित होगी।

