मुंगेली-{जनहित न्यूज़}मुंगेली पथरिया थाना क्षेत्र में बिजली का काम कराने के विवाद को लेकर हुई जानलेवा मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 10 सितम्बर की शाम ग्राम पडियाईन निवासी चंदूलाल रात्रे अपने परिचित दिलहरण साहू और मिलाप उर्फ मिथुन साहू के साथ पथरिया की ओर निकले थे। देर रात जानकारी मिली कि चंदूलाल जरेली के पास घायल अवस्था में पड़े हैं। उन्हें पहले पथरिया अस्पताल, फिर मुंगेली जिला अस्पताल और उसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर आर.बी. अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आहत के परिजनों ने आशंका जताई थी कि आरोपियों ने पैसों के लेनदेन को लेकर रास्ते में ही उनके साथ मारपीट की है। विवेचना के दौरान जब चंदूलाल रात्रे होश में आए, तो उन्होंने स्पष्ट बताया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर डण्डे से उनके सिर पर प्राणघातक वार किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन और अति. पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में पथरिया पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपियों दिलहरण साहू (61 वर्ष) और मिलाप उर्फ मिथुन साहू (39 वर्ष), दोनों निवासी पडियाईन, को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और बांस का डंडा भी जप्त किया गया है। आरोपियों के खिलाफ प्रकरण में धारा 109(1) बीएनएस जोड़ी गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पथरिया निरीक्षक प्रसाद सिन्हा सहित उपनिरीक्षक लक्ष्मण खूंटे, आरक्षक मिथलेश सोनवानी, बालकृष्ण मरकाम, स्वारथ ध्रुव और कृष्णानंद साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

