श्री डांस एकेडमी की प्रतिभाओं ने दी शानदार प्रस्तुति…एकल नृत्य वर्ग में वान्या कौशिक व समूह नृत्य प्रतियोगिता (कथक वर्ग) में आरुषि चौरसिया ने पाया प्रथम स्थान…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर कला और संस्कृति की नगरी बिलासपुर के नन्हें कलाकारों ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। भिलाई में नृत्यधाम कला समिति देशराग द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता में श्री डांस एकेडमी के बच्चों ने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया।

एकल नृत्य वर्ग में 6 वर्षीय वान्या कौशिक ने अपनी गतिमय ततकार से मंच पर ऐसी छाप छोड़ी कि निर्णायक मंडल ने उन्हें प्रथम स्थान से सम्मानित किया। वहीं समूह नृत्य प्रतियोगिता (कथक वर्ग) में आरुषि चौरसिया, दिव्यांशी, श्रीया, निष्ठा, श्रुति, दिशा और वैष्णवी ने मिलकर अपनी मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पहला स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरु वंदना से हुई, जिसके बाद बच्चों ने तोड़े, टुकड़े और ततकार की अनुपम प्रस्तुति से पूरा माहौल भक्ति और उत्साह से भर दिया। निर्णायकों ने श्री डांस एकेडमी के प्रशिक्षकों और बच्चों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इतने छोटे बच्चों में इतनी गहराई और लय का संतुलन दुर्लभ है।

इस अवसर पर गुरु प्रांजलि भट्ट को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए गुरु सम्मान से सम्मानित किया गया। प्रांजलि भट्ट, ओमप्रकाश और मनीषा भट्ट की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपने गुरु पद्मश्री रामलाल बरेठ और भूपेंद्र बरेठ से कथक की शिक्षा प्राप्त की है तथा कथक में स्नातकोत्तर हैं। वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं। वर्तमान में वे उसलापुर में बच्चों को कथक एवं अन्य नृत्य विधाओं की शिक्षा देकर रायगढ़ घराने की परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं।
इस उपलब्धि से बिलासपुर में खुशी की लहर है। अभिभावकों और कला प्रेमियों ने कहा कि शहर की यह नई पीढ़ी भारतीय शास्त्रीय नृत्य को न केवल सहेज रही है बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी इसकी पहचान मजबूत कर रही है।

