बोले…आदिवासी समाज के सम्मान और अधिकार का वास्तविक काम सिर्फ भाजपा ने किया…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की 75 वर्ष की यात्रा में आदिवासी समाज के साथ न्याय करने का कार्य केवल भाजपा ने किया है, जबकि कांग्रेस ने उन्हें हमेशा मात्र वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक ही परिवार के इर्द-गिर्द घुमती रही, जिसके कारण आदिवासी समाज को वह मान सम्मान कभी नहीं मिला जिसके वे वास्तविक हकदार थे। ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहली बार स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी समाज के अद्वितीय योगदान को राष्ट्रीय पटल पर सम्मान दिलाया है। प्रधानमंत्री के निर्देश पर 15 नवम्बर को आदिवासी गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को समर्पित है।
प्रवक्ता ठाकुर ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान, केंद्र की योजनाओं के प्रभाव और आदिवासी नेतृत्व को आगे बढ़ाने के प्रयासों को ऐतिहासिक बताया।
उन्होंने कहा कि तिलका मांझी, बस्तर के वीर नारायण सिंह, सिंहभूमि के बुधु भगत सहित अनेक वीरों ने स्वतंत्रता आंदोलन और मुगल शासन दोनों के खिलाफ बहादुरी से संघर्ष किया, लेकिन कांग्रेस की इतिहास लेखन नीति में उन्हें उचित स्थान नहीं मिला। ठाकुर ने आरोप लगाया कि नेहरू-गांधी परिवार की राजनीति ने आदिवासियों को उनकी पहचान और सम्मान से वंचित रखा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उदाहरण देते हुए ठाकुर ने कहा कि वे देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं, फिर भी चुनाव के दौरान कांग्रेस ने उनका विरोध किया, जो उनकी आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में एकलव्य विद्यालय, दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भोजन व आवास व्यवस्था, जनजातीय क्षेत्रों में ढांचागत सुधार जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए गए। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बस्तर में नक्सलवाद तेजी से कमजोर पड़ा है और विकास के नए आयाम नजर आ रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि जनधन योजना, वनाधिकार, जनजातीय उत्थान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आदिवासी समुदाय पहली बार मुख्यधारा की तेज प्रगति से जुड़ पाया है। ठाकुर ने कहा कि 2047 तक छत्तीसगढ़ विकसित राज्यों में शामिल होगा और आदिवासी समाज को वह गौरव अवश्य मिलेगा जिसके लिए प्रधानमंत्री निरंतर काम कर रहे हैं।
प्रेसवार्ता में भाजपा बिलासपुर शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, अनुजनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री मनोहर राज, मोर्चा जिलाध्यक्ष लखन पैकरा, जिला मीडिया प्रभारी केके शर्मा, मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पांडेय व सोशल मीडिया संयोजक देवेश खत्री सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

