खाद्य सुरक्षा टीम ने अमित फूड प्रोडक्ट जय भोले इंडस्ट्रीज और शिव शक्ति दाल मिल का किया औचक निरीक्षण…! 1 लाख का 1350 किलोग्राम भुना चना जब्त…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
आम लोगों की सेहत से समझौता करने वालों पर खाद्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी छापामार कार्रवाई की है। भुना चना निर्माण करने वाली नामचीन फर्मों में घटिया गुणवत्ता की आशंका पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने दबिश देकर 1 लाख रुपये से अधिक मूल्य का 1350 किलोग्राम भुना चना जब्त किया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिला बिलासपुर की खाद्य सुरक्षा टीम ने अमित फूड प्रोडक्ट, जय भोले इंडस्ट्रीज और शिव शक्ति दाल मिल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई।
खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी के अनुसार
अमित फूड प्रोडक्ट से 600 किलोग्राम भुना चना (अनुमानित मूल्य ₹48,000)
जय भोले इंडस्ट्रीज से 750 किलोग्राम भुना चना (अनुमानित मूल्य ₹60,000)
जब्त किया गया। वहीं शिव शक्ति दाल मिल से भुना चना का नमूना गुणवत्ता जांच के लिए लिया गया।

जब्त सामग्री एवं नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी संबंधित फर्मों को सुधार हेतु नोटिस जारी कर दिया गया है।
खाद्य विभाग ने दो टूक कहा है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

मिलावटी और घटिया खाद्य सामग्री बेचने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश है। सेहत से खिलवाड़ करने वालों की अब खैर नहीं!

