दुकानदार की बहादुरी से भागे बदमाश CCTV में कैद हुई वारदात…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों के बीच एक दुकानदार की साहसिक सूझबूझ ने बड़ी वारदात को टाल दिया। सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा इलाके में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर लूट की कोशिश की गई, लेकिन चाय दुकान संचालक की हिम्मत के आगे बदमाशों को खाली हाथ लौटना पड़ा। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार जबड़ापारा निवासी लखन लाल देवांगन (46 वर्ष), पिता स्वर्गीय उदय देवांगन, मिशन अस्पताल रोड स्थित लखीराम ऑडिटोरियम के सामने नीटी स्वीट्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। शुक्रवार सुबह वे रोज की तरह स्कूटी से दुकान जा रहे थे, तभी जबड़ापारा इलाके में बाइक सवार तीन युवक उन्हें रोककर लूट की नीयत से सामने आ गए।

बताया जा रहा है कि एक बदमाश ने दुकानदार पर बंदूक तान दी, जबकि दूसरे आरोपी के हाथ में भी बंदूक थी। तीसरे आरोपी ने सोने की चेन लूटने की कोशिश करते हुए गोली मारने की धमकी दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से लखन लाल कुछ पल के लिए घबरा जरूर गए, लेकिन उन्होंने साहस नहीं खोया। उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाते हुए बदमाशों का डटकर विरोध किया।

दुकानदार के शोर मचाने और आसपास लोगों के इकट्ठा होने की आशंका से घबराकर आरोपी बिना लूट किए ही बाइक से मौके से फरार हो गए। उस समय सड़क पर आवाजाही कम थी, फिर भी शोर सुनकर कुछ लोग बाहर निकल आए, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक आरोपी ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था, जबकि दो आरोपियों के पास बंदूक थी। पीड़ित दुकानदार से आरोपियों के हुलिए और बाइक के संबंध में जानकारी ली गई है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल जरूर है, लेकिन दुकानदार की बहादुरी ने यह साबित कर दिया कि अपराध के खिलाफ खड़े होने का साहस कई बार बदमाशों के मंसूबों पर भारी पड़ जाता है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

