जाम और अव्यवस्तिथ सकरी गली दमकल के लिए बनी मुसीबत…
कड़ी मशक्क़त के बाद आग पर पाया गाया काबू…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
व्यापार विहार क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नीरज एजेंसी के मनिहारी सामान के गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत रवाना हुईं, लेकिन व्यापार विहार की संकरी और हमेशा जाम रहने वाली सड़कों ने राहत कार्य को मुश्किल बना दिया। दुकानों के सामने बेतरतीब खड़े वाहन और अव्यवस्थित पार्किंग दमकल गाड़ियों के रास्ते में बड़ी बाधा बने रहे। हालात ऐसे थे कि आग के केंद्र तक पहुंचने में दमकल कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
मौके पर पहुंची दो दमकल गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही हैं, जिससे आसपास की दुकानों और गोदामों पर भी खतरा मंडरा रहा है। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो नुकसान और भी व्यापक हो सकता है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन और संबंधित विभाग मौके पर मौजूद हैं और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए दमकल कर्मियों को सहयोग कर रहे हैं। यह घटना व्यापार विहार में अव्यवस्थित पार्किंग, संकरी सड़कों और कमजोर सुरक्षा इंतजामों की एक बार फिर पोल खोलती नजर आ रही है, जो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

