मुंगेली पुलिस ने कानून के दायरे में रहकर नव वर्ष की खुशियाँ मनाने किया आह्वान…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली नए साल 2026 के आगमन पर मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने आम जनता के नाम एक संदेशनात्मक और प्रेरणादायी अपील जारी करते हुए जिलेवासियों से सुरक्षा, संयम और जिम्मेदारी के साथ नववर्ष मनाने का आह्वान किया है।
अपने संदेश में एसपी श्री पटेल ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी तभी पूर्ण होती है, जब हर नागरिक सुरक्षित रहे और कानून का सम्मान करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुंगेली पुलिस नववर्ष के दौरान नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
नशे से दूरी, जीवन से दोस्ती
एसपी भोजराम पटेल ने नागरिकों से अपील की कि नववर्ष के जश्न में शराब या किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें, विशेषकर वाहन चलाते समय। उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाना न केवल अपराध है, बल्कि यह कई परिवारों की खुशियों को पलभर में मातम में बदल सकता है।
यातायात नियम जीवन की सुरक्षा
उन्होंने यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति का पालन कर हम स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान भी बचा सकते हैं। पुलिस द्वारा चेकिंग और पेट्रोलिंग को और अधिक सख्त किया गया है।
घर पर रहें, अपनों के संग खुशियाँ बाँटें
एसपी ने युवाओं से आग्रह किया कि वे हुड़दंग, स्टंट और सार्वजनिक शांति भंग करने वाली गतिविधियों से दूर रहें तथा घर पर परिवार के साथ सुरक्षित तरीके से नववर्ष का स्वागत करें।
पुलिस आपके साथ है, उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी गुंडागर्दी, यातायात में बाधा या कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तत्काल मुंगेली पुलिस के कंट्रोल नंबर या CUG नंबर पर सूचना दें। पुलिस की टीम 24×7 जनता की सेवा में तत्पर है।
आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी
अपने संदेश के अंत में एसपी भोजराम पटेल ने जिलेवासियों को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि
नया साल आपके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सुरक्षा लेकर आए। आइए, मिलकर एक सुरक्षित, अनुशासित और खुशहाल मुंगेली का निर्माण करें।
मुंगेली पुलिस की यह अपील न केवल एक संदेश, बल्कि नववर्ष पर जिले के लिए एक ऐतिहासिक सुरक्षा-संकल्प के रूप में देखी जा रही है।

