ठेकेदारी जगत में मचा हड़कंप…
टोल प्लाजा से दफ्तर तक खंगाले जा रहे रिकॉर्ड…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले में सड़क ठेकेदारी के क्षेत्र से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। सड़क ठेकेदार B.R. गोयल के विभिन्न ठिकानों पर आयकर विभाग (IT) की टीम ने एक साथ छापेमारी की है। इस कार्रवाई से ठेकेदारी जगत में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीमें पाराघाट टोल प्लाजा सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पहुंचीं, जहां वित्तीय दस्तावेजों, बिलों, लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य अहम कागजातों की गहन जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों का कहना है कि आयकर विभाग की टीमें इंदौर और बिलासपुर समेत अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई कर रही हैं। कुल तीन वाहनों में पहुंची IT टीम ने टोल ऑफिस में डेरा डाल रखा है और घंटों से दस्तावेजों की पड़ताल जारी है।
हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अभी तक इस छापेमारी की आधिकारिक वजह का खुलासा नहीं किया गया है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया जारी है और आवश्यक होने पर आगे की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सड़क ठेकेदारी से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कर संबंधी अनियमितताओं की गहन जांच के तहत की जा रही है। आयकर विभाग की इस बड़ी रेड को लेकर शहर और ठेकेदारी जगत में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह छापेमारी किस बड़े खुलासे की ओर इशारा कर रही है।

