विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को त्वरित समाधान पर दी सर्वोच्च प्राथमिकता सराहनीय पहल…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, बिलासपुर क्षेत्र द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक सराहनीय पहल की गई है। बिजली बिलों में किसी भी प्रकार की त्रुटि सामने आने पर अब उपभोक्ताओं को भटकने की आवश्यकता नहीं है,सूचना मिलते ही विभाग द्वारा तत्काल जांच कर सुधार किया जा रहा है।
हाल ही में लंबित विद्युत देयकों की वसूली अभियान के तहत समाचार पत्रों में प्रकाशित बकायादारों की सूची के बाद कुछ उपभोक्ताओं ने अत्यधिक एवं विवादित राशि की शिकायत दर्ज कराई। इसी क्रम में रिंग रोड, बिलासपुर निवासी डॉ. गीतिका शर्मा के बिजली बिल में लगभग 12.93 लाख रुपये की असामान्य बकाया राशि दर्शाई गई थी। शिकायत मिलते ही विभाग ने त्वरित जांच कराई, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि पुराने मीटर को स्मार्ट मीटर में बदलते समय संविदा मांग (Contract Demand) के स्थान पर महत्तम मांग (Maximum Demand) दर्ज हो जाने से कंप्यूटर जनित बिल अत्यधिक प्रदर्शित हुआ था।
जांच के पश्चात विभाग द्वारा तत्काल सुधार करते हुए संशोधित एवं सही बिजली बिल जारी कर दिया गया। उपभोक्ता को हुई असुविधा पर विभाग ने खेद भी व्यक्त किया है।
इस पूरे प्रकरण पर बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने स्वयं संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिल में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर उपभोक्ता संबंधित सहायक अभियंता को तुरंत सूचना दें, ताकि समय पर सुधार किया जा सके।
श्री अम्बस्थ ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे नियत तिथि तक अपने बिजली बिलों का भुगतान करें और किसी भी प्रकार की बिलिंग समस्या को बिना विलंब विभाग के संज्ञान में लाएं।
विद्युत विभाग की यह त्वरित और संवेदनशील पहल आम जनता के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

