सालों से किराया नहीं चुकाने वाले
सुभाष कॉम्प्लेक्स के दुकानदार
निगम की सख्ती के आगे झुकें…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नगर निगम प्रशासन की कड़ी कार्रवाई का असर अब साफ नजर आने लगा है। सालों से किराया नहीं चुकाने वाले दुकानदार निगम की सख्ती के आगे झुकते दिखे। शुक्रवार को जरहाभाठा मंदिर चौक स्थित नेताजी सुभाष कॉम्प्लेक्स में बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने 9 दुकानों में सुबह तालाबंदी कर दी। इसके बाद शाम तक सभी दुकानदार निगम कार्यालय पहुंचे और बकाया किराए की राशि में से 5 लाख 63 हजार रुपये जमा कर दिए।

निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के सख्त निर्देश पर की गई इस सीलबंदी कार्रवाई का त्वरित असर देखने को मिला। जानकारी के अनुसार इन 9 दुकानों पर कुल 11 लाख 55 हजार रुपये का किराया बकाया था। सील लगने के बाद दुकानदारों ने आधी राशि तत्काल जमा की और शेष रकम शीघ्र जमा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद निगम द्वारा दुकानों की सील खोल दी गई।

सीलबंदी की कार्रवाई जिन दुकानों पर की गई, उनमें शुभम मेडिकल, गणपति ऑटोमोबाइल, केसी ऑटो जोन, दृष्टि ऑप्टिकल, विलो कान्हा मोबाइल, छत्तीसगढ़ बुक डिपो, अनिल मेडिकल, आदित्य मोबाइल और आरके इलेक्ट्रॉनिक शामिल हैं।

निगम प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि बकाया किराया नहीं चुकाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। निगम की इस पहल से न सिर्फ राजस्व वसूली को गति मिली है, बल्कि अन्य बकायेदारों में भी हड़कंप मच गया है।

