कबाड़ी फिरोज मेमन की दुकान को किया सील…आरोपी फिरोज फरार तलाश में जुटी पुलिस…
बिलासपुर/मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) की सख्त निगरानी और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का बड़ा असर देखने को मिला है। बिलासपुर एवं मुंगेली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स बेचने वाले एक बड़े कबाड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। इस कार्रवाई में तिफरा, बिलासपुर स्थित कबाड़ी दुकानदार फिरोज मेमन की दुकान को विधिवत सील कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 15 जनवरी की रात्रि को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिलासपुर क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिलों एवं अन्य वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स एक हाईवा वाहन में भरकर सरगांव हाइवे के रास्ते ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सायबर सेल मुंगेली एवं थाना सरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरगांव हाइवे पर घेराबंदी की।

घेराबंदी के दौरान एक संदिग्ध हाईवा वाहन को रोककर चेक किया गया, जिसमें मोटरसाइकिल, कार, ट्रक सहित अन्य वाहनों के कटे हुए पार्ट्स, बैटरियां एवं लोहे का सामान बरामद किया गया। हाईवा चालक रूपनाथ सिंह पिता सोबरन मरकाम (उम्र 23 वर्ष), निवासी खड़गवा, थाना खड़गवा, जिला चिरमिरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि उक्त सभी वाहन पार्ट्स फिरोज मेमन, निवासी तिफरा, बिलासपुर द्वारा चोरी की गई गाड़ियों को खरीदकर उसकी कबाड़ी दुकान में काटे गए हैं।
पुलिस द्वारा हाईवा वाहन एवं कटे हुए वाहन पार्ट्स को धारा 106 बीएनएसएस के तहत थाना सरगांव में जप्त किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
इसके बाद दिनांक 16.01.2025 को सायबर सेल मुंगेली एवं थाना सिरगिट्टी पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से तिफरा, बिलासपुर स्थित मुख्य आरोपी फिरोज मेमन की कबाड़ी दुकान पर छापामार कार्रवाई की गई।

छापे के दौरान दुकान से बड़ी मात्रा में मोटरसाइकिल, कार, ट्रक एवं अन्य वाहनों के कटे हुए पार्ट्स, लोहे की सामग्री, वजन मशीन, लोहे काटने की मशीन, गैस कटर, गैस सिलेंडर एवं कंप्रेशर मशीन बरामद की गई। पुलिस ने दुकान को मौके पर ही विधिवत सील कर दिया।

छापेमारी के दौरान आरोपी फिरोज मेमन पुलिस को देखकर फरार हो गया, जिसकी लगातार तलाश की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (प्रभारी सायबर सेल मुंगेली), निरीक्षक किशोर कैवर्त (प्रभारी थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर), उप निरीक्षक संतोष शर्मा (प्रभारी थाना सरगांव) सहित मुंगेली एवं बिलासपुर पुलिस की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

बिलासपुर–मुंगेली पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से न केवल वाहन चोरी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है, बल्कि कबाड़ी के माध्यम से चल रहे अवैध कारोबार पर भी करारा प्रहार हुआ है।

