थानों के औचक निरीक्षण से लेकर हाईटेक व्यवस्था तक में दिखी ऐतिहासिक सक्रियता…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने शुक्रवार को जिले के थाना सिविल लाइन, थाना तोरवा तथा रक्षित केंद्र बिलासपुर का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उनके साथ उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह तथा प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी सुश्री अंशिका जैन भी मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान आईजी गर्ग ने थाना परिसर की साफ-सफाई, फरियादियों के बैठने की व्यवस्था तथा कार्यालयीन अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने थानों में संधारित रजिस्टरों का सूक्ष्म अवलोकन कर रिकॉर्ड अद्यतन रखने और शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आईजी ने स्पष्ट कहा कि थाना आने वाले नागरिकों से विनम्र व्यवहार होना चाहिए और हर शिकायत का समाधान।प्राथमिकता से किया जाए।
तकनीक आधारित पुलिसिंग पर जोर
पुलिस महानिरीक्षक ने थानों में फीडबैक लेने के लिए अनुभव अभियान के अंतर्गत क्यूआर कोड लगाने तथा चोरी गए वाहनों की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए ‘सशक्त’ ऐप में चोरी एवं लावारिस वाहनों की प्रविष्टि तेज करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने रक्षित केंद्र बिलासपुर का भी निरीक्षण किया और वहां निर्माणाधीन रक्षित निरीक्षक कार्यालय की प्रगति की जानकारी ली।
जनसंवेदनशील और हाईटेक पुलिसिंग लक्ष्य
आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि रेंज में पदस्थापना के बाद यह निरीक्षण जिले की पुलिसिंग, थानों की स्थिति और पुलिस अधिकारियों की समस्याओं को समझने के उद्देश्य से किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले की पुलिस को हाईटेक बनाना, मोबाइल ऐप और आधुनिक तकनीकों के प्रयोग में दक्ष करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिसके सकारात्मक परिणाम शीघ्र ही फील्ड में नजर आएंगे।
एसएसपी रजनेश सिंह ने दिया पालन का भरोसा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस महानिरीक्षक द्वारा व्यवस्था सुधार और तकनीकी उन्नयन को लेकर जो भी निर्देश दिए गए हैं, उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

