एसएसपी की अगुवाई में टीमवर्क बनी सफलता की कुंजी सड़क सुरक्षा अभियान बना मिसाल…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के समापन अवसर पर मुंगेली जिला एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में उभरा, जहाँ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) की जीरो टॉलरेंस नीति और मानवीय सोच ने यातायात जागरूकता को जन–आंदोलन का स्वरूप दे दिया। यातायात पुलिस टीम द्वारा पूरे जनवरी माह जिले के स्कूल–कॉलेजों, चौक–चौराहों, हाट–बाजारों और ग्रामीण अंचलों में निरंतर जागरूकता कार्यक्रम चलाकर हर वर्ग को सड़क सुरक्षा का महत्व सहज भाषा में समझाया गया।

समापन समारोह का आयोजन जनदर्शन सभा कक्ष, कलेक्ट्रेट मुंगेली में किया गया, जिसकी अध्यक्षता स्वयं एसएसपी भोजराम पटेल ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के छात्र–छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में वाहन चालक भी शामिल हुए।

रैली, रंगोली और नाटकों से गूंजा शहर…
पूरे माह के दौरान मुंगेली शहर के प्रमुख चौक–चौराहों और कस्बों में नुक्कड़ नाटक, सभाएँ, बैनर–पोस्टर और पाम्पलेट वितरण के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। स्कूली बच्चों ने “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” के नारों के साथ रैली निकालकर पूरे शहर को संदेश दिया।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में स्वामी आत्मानंद हिन्दी–अंग्रेजी स्कूल, विवेकानंद स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों के बीच रंगोली, चित्रकला, स्लोगन और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी बच्चों को कॉपी–पेन वितरित कर यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। प्रेरक संवाद में झलकी संवेदनशील की सोच…!

समापन कार्यक्रम में अधिकारियों ने बच्चों और वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की प्रेरणा दी। एसएसपी भोजराम पटेल ने अपने संबोधन में बच्चों से संवाद करते हुए जीवन–मूल्यों पर प्रकाश डाला और अपने स्कूल समय के अनुभव साझा किए। उन्होंने सजगता से वाहन चलाने, भारी वाहनों को ओवरटेक करते समय सावधानी, गुस्से और नशे से दूर रहने, मोबाइल का प्रयोग न करने तथा दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने के लिए यातायात दूत बनने का आह्वान किया।

उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ज़ेब्रा क्रॉसिंग व ट्रैफिक सिग्नल के पालन, तेज़ रफ्तार और गलत दिशा में वाहन न चलाने, तीन सवारी न बैठाने तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न देने की सख्त अपील की।
टीमवर्क बना सफलता की कुंजी
इस व्यापक अभियान में रक्षित निरीक्षक श्रीमती ख्रिष्ट नरगिस तिग्गा, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक महेश मिश्रा, सउनि यशवंत सिंह राजपूत, के.पी. जायसवाल, विजय सिंह राजपूत, प्रआर. रामफल साहू सहित यातायात पुलिस के समस्त जवानों की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के माध्यम से एसएसपी भोजराम पटेल की नेतृत्व क्षमता, कठोर अनुशासन के साथ सामाजिक संवेदना और आमजन से सीधे संवाद की शैली ने मुंगेली जिले की जनता के दिलों में गहरी छाप छोड़ी है। यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम बनकर सामने आया है।

