आयोजन में नर्सरी से दूसरी कक्षा के नौनिहालों ने जोश समर्पण और आत्मविश्वास से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बहतराई में रजत जयंती वर्ष और 18वें स्थापना दिवस के शुभ संगम पर आयोजित ‘ग्रेजुएशन डे व वार्षिकोत्सव’ ने उत्सव, उल्लास और उपलब्धि का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। “SILVER SOIREE” थीम पर सजे इस भव्य आयोजन में नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के नौनिहालों ने जोश, समर्पण और आत्मविश्वास से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया।

11 फरवरी 2026 का यह दिन प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी सेक्शन के विद्यार्थियों के लिए गर्व और उपलब्धि का प्रतीक बन गया। यूकेजी के नन्हें विद्यार्थियों को उनकी पहली शैक्षणिक उपलब्धि के रूप में ‘ग्रेजुएशन सर्टिफिकेट’ प्रदान किए गए। ग्रेजुएशन गाउन और कैप में सजे बच्चों को देखकर पालकों और अभिभावकों की आंखें गर्व और भावुकता से चमक उठीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (मा.पु.से.) तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. सौमित्र तिवारी (भूतपूर्व रजिस्ट्रार, इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय) की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। साथ ही विद्यालय के अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल एवं प्रबंधन मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

गोधूलि बेला में माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। स्वागत गीत, ओजपूर्ण नृत्य-नाटिका, हिंदी एवं अंग्रेजी भाषणों और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने वातावरण को उल्लास और तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया।

विद्यार्थियों के बीच आयोजित दौड़ प्रतियोगिताओं में अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विजेताओं को पुरस्कार वितरण कर उनका उत्साह दोगुना किया गया।

मुख्य अतिथि रजनेश सिंह ने रजत जयंती वर्ष की बधाई देते हुए विद्यालय की कार्यप्रणाली, प्रबंधन और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की तथा निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया। उन्होंने विशेष रूप से ग्रेजुएशन सॉन्ग की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि डॉ. तिवारी ने विद्यार्थियों को संस्कारवान, ऊर्जावान और सतत ज्ञानार्जन के लिए प्रेरित करते हुए विद्यालय परिवार को सफल आयोजन की बधाई दी।

विद्यालय के अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने इस विशेष अवसर पर शाला परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए नौनिहालों की प्रतिभा की सराहना की। निदेशक-प्राचार्या डॉ. (श्रीमती) श्रुति गुप्ता ने विद्यार्थियों को अच्छे इंसान बनने और सहयोग की भावना विकसित करने का संदेश दिया।

शैक्षणिक समन्वयक
(वी विंग) श्रीमती सोनम शिवदसानी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और उत्कृष्ट वातावरण निर्माण के प्रयासों से अवगत कराया तथा इस दिन को विद्यार्थियों के जीवन का “मील का पत्थर” बताया।

उप-प्राचार्या श्रीमती रोजमेरी लक्ष्मन के मार्गदर्शन, समन्वयकों एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं व कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों से यह आयोजन यादगार बन गया।

रजत जयंती वर्ष के इस भव्य उत्सव ने नौनिहालों को नई दिशा और आत्मविश्वास प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी।


