मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल की सख्त कार्रवाई से नशा तस्करों में मचा हड़कंप…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मुंगेली जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के अंतर्गत ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री में लिप्त 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
14.51 ग्राम ब्राउन शुगर समेत 2 लाख की जब्ती थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा की गई घेराबंदी और रेड कार्रवाई में 11 पैकेट में कुल 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग ₹65,000) बरामद की गई। इसके साथ ही:
05 नग मोबाइल फोन (कीमत ₹70,000)
01 मोटरसाइकिल (एनएस पल्सर CG 09 JF 5822, कीमत ₹65,000)
कुल मिलाकर लगभग ₹2 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।

ऐसे हुआ खुलासा
17 फरवरी 2026 को मुखबिर सूचना मिली कि बी.आर. साव स्कूल मैदान में कुछ युवक ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे झझपुरी खुर्द निवासी दो अन्य आरोपियों के लिए ब्राउन शुगर मंगाकर बेच रहे थे।

इसके बाद दोनों आरोपियों को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 60/2026, धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, साइबर सेल प्रभारी प्रसाद सिन्हा सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस सुनियोजित कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

SSP भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध नशे या मादक पदार्थों की तस्करी/बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
मुंगेली पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। “ऑपरेशन बाज” के तहत आगे भी ऐसे ही अभियान जारी रहेंगे।

