विद्युत विभाग का जनहित में सराहनीय कदम…6 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी निर्बाध बिजली आपूर्ति…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने और आगामी ग्रीष्म ऋतु में बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए क्षमता वृद्धि का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। इसी क्रम में सरकंडा मुक्तिधाम स्थित 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र में लगभग 69 लाख रुपये की लागत से 3.15 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है।
इस स्थापना के बाद नगर संभाग-दो (नेहरू नगर) अंतर्गत सरकंडा मुक्तिधाम उपकेन्द्र की कुल क्षमता 5 एमवीए से बढ़कर 8.15 एमवीए हो गई है। कंपनी के विशेष प्रयासों से पूर्ण हुए इस कार्य से उपकेन्द्र क्षेत्र के उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
नगर संभाग-दो (नेहरू नगर) के कार्यपालन अभियंता बी.बी. नेताम ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से सीपत चौक, वीआईपी कॉलोनी, बुधिया कॉम्प्लेक्स, चटर्जी गली, बंगाली पारा, जबड़ापारा, शिव हनुमान मंदिर, जैन मंदिर और महामाया चौक क्षेत्र के लगभग 6 हजार उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता की निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबस्थ ने स्विच दबाकर नए ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग उपभोक्ताओं की सुविधाओं में निरंतर वृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। इस नए ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से क्षेत्र में वोल्टेज समस्या में कमी आएगी और गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने इस कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर नगर वृत्त बिलासपुर के अधीक्षण अभियंता पी. श्रीनिवास राजू, कार्यपालन अभियंता मिलिंद पाण्डेय, सहायक अभियंता श्रीमती संचारी सिंह, श्रीमती छाया जीनस, बी.बी. जायसवाल, संतोष देवांगन, कनिष्ठ अभियंता कु. कल्याणी वर्मा, प्रदीप साहू सहित एस.टी.एम. एवं एच.टी. (मेंटेनेंस) टीम की सराहना की।

