बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर भारतीय सिंधु सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक होटल बंसीवाल में आयोजित की गई, जिसमें आगामी चेट्रीचंड्र पर्व के उपलक्ष्य में पारंपरिक “सिंध जो मेलो” के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष यह भव्य मेला 15 मार्च 2026, रविवार को आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों से यह आयोजन चेट्रीचंड्र पर्व के प्रथम रविवार को अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष भी बिलासपुर का समस्त सिंधी समाज अपने इष्टदेव भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर परिवार सहित उपस्थित होकर मेले का आनंद उठाएगा और आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द का संदेश देगा।

मेले में सिंधी लोकगीत एवं संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। पारंपरिक सिंधी व्यंजनों के स्टॉल मेले का मुख्य आकर्षण रहेंगे, जहां लोग दाल-पकवान, कढ़ी-चावल, सेईं-पटाटा जैसे स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। बच्चों के लिए झूले एवं विभिन्न मनोरंजन के साधनों की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।
सिंधी संस्कृति और सभ्यता के संरक्षण एवं प्रसार के उद्देश्य से विविध झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। विशेष आकर्षण के रूप में गंगा आरती की तर्ज पर भगवान झूलेलाल साहिब की विशाल प्रतिमा के समक्ष भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भावनाओं का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा।

बैठक को संबोधित करते हुए सभा अध्यक्ष शंकर मनचंदा ने समाज के सभी सदस्यों से आयोजन में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। युवा शाखा के अध्यक्ष अमर चावला ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया तथा अंत में आभार व्यक्त किया।

बैठक में नानक खटुजा, मनोहर पमनानी, रमेश लालवानी, हरीश भागवानी, शंकर मनचंदा, दिलीप बहरानी, मोहन जैसवानी, दयानंद तीर्थानी, कमल बजाज, महेश पमनानी, गुरबख्श जेसवानी, अमर चावला, कैलाश आयलानी, नंदलाल लाहोरानी, सुरेश जीवनानी, नवीन जादवानी, प्रताप राय आयलानी, मुकेश विधानी, नीरज जग्यासी, राहुल चावला, शंकर नागदेव, जगदीश नागदेव, डॉ. सतीश छुगानी, अमर पमनानी, सोनू गांधी, हरगुन कारडा, रामचंद चावला, विनोद रायकेश सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
भारतीय सिंधु सभा, बिलासपुर ने समस्त समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।

