आई जी रामगोपाल गर्ग एसएसपी रजनेश सिंह के साथ पूरे पुलिस परिवार ने किया सम्मानित…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
पुलिस विभाग के एक साधारण कर्मचारी की बेटियों ने असाधारण उपलब्धि हासिल कर पूरे पुलिस परिवार को गौरवान्वित कर दिया है। रामगोपाल गर्ग, पुलिस महानिरीक्षक, ने आज 24 फरवरी 2026 को अपने कार्यालय में विशेष शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक सतलोक साय पैकरा एवं श्रीमती मनप्यारी देवी की सुपुत्री कु. स्वाति पैकरा के सिविल जज परीक्षा में प्रथम प्रयास में चयनित होने पर सम्मानित किया।
स्वाति पैकरा बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने डी.पी. विप्र कॉलेज से बी.ए. एल.एल.बी. की पढ़ाई पूरी करने के बाद पहले ही प्रयास में सिविल जज की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार और पुलिस विभाग का नाम रोशन किया। चयन के बाद स्वाति अपने पिता एवं जोनल पुलिस अधीक्षक श्रीमती दीपमाला कश्यप के साथ आईजी कार्यालय पहुंचीं, जहां आईजी श्री गर्ग ने पुष्पगुच्छ एवं स्मरणिका भेंट कर उनका सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आईजी श्री गर्ग ने कहा कि पुलिस की कठिन ड्यूटी के बावजूद, सीमित समय और संसाधनों में भी पुलिस परिवार के बच्चे अपनी प्रतिभा के दम पर हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने स्वाति को जीवन में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की सीख दी तथा पुलिस परिवार के बच्चों की शिक्षा और करियर के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। बेटी का सम्मान होते देख उनके पिता भावुक और गदगद नजर आए।

इसी क्रम में प्रधान आरक्षक (चालक) उमाकांत कौशिक एवं श्रीमती मंदाकिनी कौशिक की पुत्री कु. संध्या कौशिक को भी सम्मानित किया गया। संध्या ने 12वीं कक्षा में प्रदेश में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के बाद नीट परीक्षा में सफलता हासिल की और छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) से एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान कुल 5 गोल्ड मेडल प्राप्त किए। वर्तमान में वे केयर हॉस्पिटल में रेडियोलॉजी विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने भी स्वाति पैकरा को सिविल जज बनने पर बधाई देते हुए कहा कि पुलिस परिवार की बेटी को न्यायाधीश की कुर्सी तक पहुंचते देखना अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने संध्या कौशिक को भी मेडिकल क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
जोनल पुलिस अधीक्षक श्रीमती दीपमाला कश्यप ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (गुप्तवार्ता) अमित कुमार ने भी दोनों प्रतिभाशाली बेटियों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी है।

पुलिस विभाग के इन साधारण कर्मचारियों की असाधारण बेटियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि संघर्ष और सीमित संसाधन सफलता की राह में बाधा नहीं, बल्कि प्रेरणा बन सकते हैं।

आज पूरा पुलिस परिवार इन उपलब्धियों पर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा

