बिलासपुर शाखा की अनोखी होली…!
कलेक्टर संजय अग्रवाल की धर्मपत्नी निकिता अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में निभाई सहभागिता…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर फागुन के रंग और भक्तिरस की छटा के बीच शहर में होली मिलन का एक अनोखा आयोजन देखने को मिला। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की बिलासपुर शाखा द्वारा आयोजित “राधा-कृष्ण संग लठमार एवं फूलों की होली” कार्यक्रम में 65 से अधिक सदस्याओं और कार्यकारिणी पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक उल्लास, सांस्कृतिक रंग और आपसी सौहार्द ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर संजय अग्रवाल की धर्मपत्नी निकिता अग्रवाल उपस्थित रहीं। साथ ही सम्मेलन की प्रांतीय अध्यक्ष उमा छापरिया, सचिव सीमा गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष रेखा सिंघानिया की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आयाम दिया। प्रांतीय अध्यक्ष उमा छापरिया ने सभी को रंगों के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, एकता और सामंजस्य का प्रतीक है।

उन्होंने सभी से मिल-जुलकर रहने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का संदेश दिया। बिलासपुर शाखा की अध्यक्ष मधु बगड़िया ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए सफल आयोजन के लिए अपनी टीम सचिव रंजना अग्रवाल, उपाध्यक्ष सीमा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष तान्या जाजोदिया तथा समस्त कार्यकारिणी और सदस्याओं का आभार व्यक्त किया। यह होली मिलन समारोह “जीण वाटिका” में आयोजित किया गया, जिसके लिए सुनीता विश्वनाथ को विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

कार्यक्रम में पंक्चुअलिटी अवॉर्ड, रोचक लक्की गेम और लक्की ड्रॉ जैसे आकर्षणों ने सभी का मन मोह लिया। लक्की ड्रॉ के माध्यम से सीमा गुप्ता को “मूर्खाधिराज” की उपाधि देकर हास्य का रंग भी घोला गया। वहीं तान्या जाजोदिया और रूपल निशानियां राधा-कृष्ण के रूप में सजे-धजे मंच पर पहुंचे और लठमार होली के साथ फूलों की वर्षा कर वातावरण को ब्रज की होली सा उल्लासमय बना दिया।

रंग, उमंग और भक्ति के संगम से सजा यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक परंपरा का उत्सव बना, बल्कि महिलाओं की एकजुटता और संगठन की सक्रियता का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत कर गया। फागुन की इस रंगीन संध्या ने बिलासपुर में सामाजिक सौहार्द की खुशबू बिखेर दी।

