मीटर संबंधी शिकायतों और बिलिंग त्रुटियों के निराकरण में अब मिलेगी त्वरित एवं पारदर्शी सुविधा…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधाओं में वृद्धि करते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने बिलासपुर के तिफरा स्थित कार्यालय परिसर में अत्याधुनिक मीटर टेस्टिंग लैब (सीटीएल – सेंट्रल टेस्टिंग लैब) का विधिवत शुभारंभ किया है। लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस लैब के प्रारंभ होने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को मीटर संबंधी शिकायतों और बिलिंग त्रुटियों के निराकरण में अब त्वरित एवं पारदर्शी सुविधा मिलेगी।
अब तक मीटर की जांच के लिए नमूनों को भिलाई स्थित राज्य की एकमात्र लैब में भेजा जाता था, जिससे प्रक्रिया में विलंब होता था और उपभोक्ताओं को अनावश्यक प्रतीक्षा करनी पड़ती थी। नई लैब के संचालन से जांच की पूरी प्रक्रिया बिलासपुर में ही संपन्न की जा सकेगी, जिससे समय की बचत के साथ विभागीय कार्यप्रणाली में भी दक्षता आएगी।
स्मार्ट मीटर और टेम्परिंग की उन्नत जांच

सुविधा बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्ट ने बताया कि सीटीएल में पुराने तथा नए स्मार्ट मीटरों की सटीक जांच की जाएगी। इसके अतिरिक्त ऑटोमेटिक टेम्पर मशीन के माध्यम से 84 प्रकार की संभावित टेम्परिंग (मीटर से छेड़छाड़) की पहचान भी की जा सकेगी। इससे उपभोक्ताओं को सही रीडिंग और सटीक बिलिंग सुनिश्चित होगी तथा विवाद की स्थितियों में कमी आएगी।
व्यापक क्षेत्र को मिलेगा लाभ
इस लैब का लाभ बिलासपुर रीजन के बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) सहित रायगढ़ रीजन के जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सक्ती और अंबिकापुर क्षेत्र के सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर एवं जशपुर जिले के विद्युत उपभोक्ताओं को मिलेगा। अब उपभोक्ता स्वयं उपस्थित होकर अपने मीटर की जांच करा सकेंगे।

लैब के शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता डी.के. भोजक, अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगड़े, पी.आर. साहू, आर.के. झा, वी.के. तिवारी, डी.पी. बारवा, कार्यपालन अभियंता एस.टी.एम. सैय्यद मुख्तार, मिलिंद पाण्डेय, रुपेन्द्र साहू, अनिल सैनी सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह जानकारी प्रकाशन अधिकारी मुकेश कुमार माथुर द्वारा प्रदान की गई है।

