अपोलो हॉस्पिटल व सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में विशाल किडनी जागरूकता अभियान…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर ‘वर्ल्ड किडनी डे 2026’ के अवसर पर अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर द्वारा विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल किडनी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को किडनी के महत्व, उससे जुड़ी बीमारियों और उसे स्वस्थ रखने के उपायों के प्रति जागरूक करना था।

अपोलो हॉस्पिटल के वरिष्ठ किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. जिग्नेश पंड्या और डॉ. विनय कुमार ने बताया कि किडनी शरीर का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है, जो रक्त को साफ रखने का कार्य करती है। किडनी शरीर से टॉक्सिन पदार्थ, यूरिया और क्रिएटिनिन को बाहर निकालती है तथा अतिरिक्त पानी को पेशाब के माध्यम से बाहर करती है। साथ ही शरीर में सोडियम और पोटैशियम के संतुलन को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
डॉ. जिग्नेश पंड्या ने बताया कि हर वर्ष 12 मार्च को ‘वर्ल्ड किडनी डे’ मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को किडनी से जुड़ी बीमारियों, उनके कारणों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है। वर्ष 2026 की थीम “किडनी हेल्थ फॉर ऑल: केयरिंग फॉर पीपल, प्रोटेक्टिंग द प्लैनेट” रखी गई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में हर 10 में से 1 भारतीय किसी न किसी प्रकार की किडनी बीमारी से प्रभावित है, जो एक गंभीर चिंता का विषय है।
किडनी को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी सावधानियां
विशेषज्ञों ने बताया कि किडनी को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद आवश्यक है। कई लोग दिनभर में आधा लीटर पानी भी नहीं पीते, जो किडनी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। सामान्यतः व्यक्ति को दिन में लगभग 3 लीटर पानी पीना चाहिए ताकि शरीर से विषैले पदार्थ आसानी से बाहर निकल सकें।

इसके साथ ही उच्च रक्तचाप के मरीजों को अपने भोजन में नमक की मात्रा कम करनी चाहिए, क्योंकि हाई ब्लड प्रेशर किडनी पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। बाहर के प्रोसेस्ड फूड, फास्ट फूड, तली-भुनी और अधिक नमकीन चीजों का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।
डायबिटीज के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। यदि ब्लड शुगर लंबे समय तक अधिक रहता है तो किडनी खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच करवाना और संतुलित आहार लेना जरूरी है।
स्वस्थ जीवनशैली से बचाव संभव
डॉ. विनय कुमार ने बताया कि किडनी और संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम करना चाहिए। नियमित रूप से टहलना, योग करना या साइकिल चलाना शरीर के लिए लाभदायक है। इससे वजन नियंत्रित रहता है और ब्लड प्रेशर भी सामान्य बना रहता है, जिससे किडनी स्वस्थ रहती है।

उन्होंने यह भी कहा कि अत्यधिक धूम्रपान और शराब का सेवन किडनी के साथ-साथ फेफड़ों और हृदय को भी गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए इन आदतों पर नियंत्रण रखना आवश्यक है। इसके अलावा प्रत्येक 6 माह से 1 वर्ष के बीच नियमित हेल्थ चेकअप कराना चाहिए, जिसमें बीपी, किडनी फंक्शन टेस्ट (KFT) और ब्लड शुगर की जांच शामिल हो।
यदि पेट या कमर के आसपास लगातार दर्द बना रहे, पेशाब में जलन या अन्य समस्या महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।

सामाजिक संगठनों की सहभागिता
कार्यक्रम में क्षेत्रीय राठौर समाज की अध्यक्ष षष्ठी राठौर, पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष विनोद मेंगनी, क्रेडाई के अध्यक्ष सुशील पटेरिया, सिंधु चेतना युवा अध्यक्ष रॉबिन वाधवानी, हैंड्स ग्रुप के अभिषेक विधानी सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी और नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान किडनी स्वास्थ्य से संबंधित क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिससे कार्यक्रम को रोचक और ज्ञानवर्धक बनाया गया। प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।

अंत में अपोलो हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अनिल कुमार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

