रेलवे परिसर में आई खेप को लेकर फैली अफवाहों पर प्रशासन ने दिया स्पष्टिकरण सतर्कता रहेगी बरकरार…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद जहां प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है, वहीं इस बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। दिल्ली से रेलवे के माध्यम से लाई गई मुर्गी चूजों की खेप में किसी भी प्रकार के संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि 24 मार्च को कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट फार्म में बर्ड फ्लू मिलने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे शहर में मुर्गी एवं उससे जुड़े उत्पादों की सघन जांच शुरू कर दी है। इसके लिए पशु चिकित्सा विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम लगातार निगरानी कर रही है।
इसी दौरान कुछ स्थानीय मीडिया में रेलवे परिसर में दिल्ली से आई चूजों की खेप को लेकर खबरें सामने आईं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन ने तत्काल रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।
रेलवे मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा 30 मार्च 2026 को जारी पत्र के अनुसार, गाड़ी क्रमांक 12442 राजधानी एक्सप्रेस से 17 डिब्बों में चूजे बिलासपुर लाए गए थे। इन्हें आकाश नायक द्वारा प्राप्त कर सुरक्षित रूप से जिला रायगढ़ भेजा गया।
प्रशासन द्वारा संबंधित व्यक्ति से चर्चा में यह स्पष्ट हुआ कि चूजों में किसी भी प्रकार के संक्रामक रोग के लक्षण नहीं पाए गए हैं, जिससे संभावित खतरे की आशंका फिलहाल समाप्त हो गई है।
हालांकि, प्रशासन ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए रेलवे विभाग को निर्देश दिए हैं कि इस प्रकार की खेपों की पूर्व सूचना संबंधित विभाग को अनिवार्य रूप से दी जाए, ताकि निगरानी और सतर्कता को और मजबूत किया जा सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

