साइलेंट चोर का बड़ा खुलासा
शातिर सीरियल चोर का अंततः पुलिस ने किया पर्दाफाश…!
आरोपी गिरफ़्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर में महीनों से सूने मकानों को निशाना बनाकर शहर में दहशत फैलाने वाले एक शातिर सीरियल चोर का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। बेहद चालाक तरीके से वारदात को अंजाम देने वाले इस आरोपी ने AC रिपेयरिंग को अपना ‘कवर’ बनाकर चोरी की पूरी साजिश रची थी।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बिलासा गुड्डी में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सिविल लाइन थाना और ACCU की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और 300 से अधिक CCTV फुटेज के विश्लेषण के बाद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
AC मैकेनिक बनकर करता था रेकी
गिरफ्तार आरोपी सूरज काछी, निवासी गोरेला (जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही), बिलासपुर के बंगालीपारा क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रह रहा था।

आरोपी AC रिपेयरिंग के बहाने कॉलोनियों में जाता और घरों की बारीकी से जानकारी जुटाता कौन सा घर कब खाली रहता है, परिवार की दिनचर्या क्या है।हर जानकारी पहले से इकट्ठा करता और फिर सही मौके का इंतजार करता।
कुत्तों को ब्रेड, CCTV से बचने की चालाकी वारदात को अंजाम देने का तरीका भी बेहद शातिर था। आरोपी रात में मोटरसाइकिल से पहुंचता, घर के बाहर मौजूद कुत्तों को ब्रेड खिलाकर शांत करता और फिर ताला तोड़कर अंदर घुस जाता।
हर बार अलग कपड़े पहनना, चेहरा ढकना और CCTV से बचने के लिए रास्ते बदलना उसकी खास रणनीति थी। चोरी के बाद वह कपड़े बदलकर मोबाइल पर बात करते हुए ऐसे निकलता जैसे कोई सामान्य राहगीर हो।
गोल्ड लोन और ऑनलाइन जुए में उड़ाता रकम:-
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी के जेवर सीधे बेचने के बजाय उन्हें गोल्ड फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखता था। वहां से मिली रकम बैंक खातों में जमा कर ऑनलाइन जुए और अन्य शौकों में खर्च कर देता था।
इस तरह उसने चोरी से लेकर पैसे के इस्तेमाल तक एक पूरा ‘फाइनेंशियल ट्रेल’ बना रखा था।
कई कॉलोनियों में वारदात, लाखों का माल बरामद:-
आरोपी ने कुदुदंड, हेमूनगर, गीतांजलि पार्क, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, 27 खोली सहित कई इलाकों में चोरी करना कबूल किया है।

पुलिस ने उसके कब्जे से सोना-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है। जब्त संपत्ति की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

पुलिस कप्तान का बयान…
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि शहर में लगातार हो रही चोरियों को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी विश्लेषण, CCTV फुटेज और जमीनी सूचना के समन्वय से आरोपी तक पहुंच बनाई गई और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
यह मामला साफ करता है कि अपराधी अब कितनी योजनाबद्ध और तकनीकी तरीके से वारदात को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने आखिरकार ‘साइलेंट चोर’ की चालाकी पर ब्रेक लगा दिया।

