शिकायत पर कलेक्टर की त्वरित कार्रवाई सेंट जेवियर हाई स्कूल की यूनिफॉर्म दुकान में लगा सरकारी ताला …!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
शिक्षा को सेवा नहीं बल्कि व्यापार बनाने की मानसिकता का एक और चौंकाने वाला मामला बिलासपुर में सामने आया है। शहर के प्रतिष्ठित स्कूलों में शामिल सेंट जेवियर हाई स्कूल के पास संचालित यूनिफॉर्म दुकान पर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया। आरोप है कि स्कूल से जुड़ी इस दुकान के माध्यम से अभिभावकों की जेब पर डाका डाला जा रहा था और विद्यार्थियों को तय दुकान से ही यूनिफॉर्म खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा था।
मामले की शिकायत जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल तक पहुंची थी, जिसमें बताया गया कि व्यापार विहार स्थित स्कूल परिसर के पास संचालित दुकान में स्कूल यूनिफॉर्म बेची जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया।
पूरी कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार टांडे के नेतृत्व में की गई। जांच टीम में प्राचार्य चंद्रभान सिंह ठाकुर एवं समग्र शिक्षा कार्यालय के एपीसी रोहित भांगे भी मौजूद रहे। शिक्षा विभाग ने मामले में स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

सूत्रों की मानें तो निजी स्कूलों में किताब, कॉपी, यूनिफॉर्म और अन्य सामग्री के नाम पर अभिभावकों से मनमानी वसूली लंबे समय से जारी है। हर साल अनिवार्य
खरीदारी के दबाव में माता-पिता को अपनी मेहनत की कमाई खर्च करनी पड़ती है। अब शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद ऐसे स्कूलों में हड़कंप मच गया है जो शिक्षा को सेवा नहीं बल्कि कमाई का जरिया बना चुके हैं।
अधिकारियों ने साफ कहा है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

