बिलासपुर प्रेस क्लब में कलाकारों ने किया फ़िल्म का दमदार प्रमोशन कहा… दर्शकों को मिलेगा सस्पेंस, कॉमेडी और भावनाओं से जुड़ा भरपूर मनोरंजन…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
छत्तीसगढ़ी सिनेमा में एक नए और अनोखे विषय को लेकर बनी बहुप्रतीक्षित फ़िल्म “मोर जहुरिया” आगामी 29 मई को प्रदेशभर के मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फ़िल्म के प्रचार-प्रसार को लेकर रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में भव्य प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जहां फ़िल्म की पूरी टीम ने मीडिया से रूबरू होकर फ़िल्म की विशेषताओं और अपने अनुभव साझा किए।
प्रेसवार्ता में फ़िल्म के निर्माता-निर्देशक मनीष मिश्रा, अभिनेता अजय पटेल, अभिनेत्री शालिनी विश्वकर्मा और अमृता कुशवाहा मौजूद रहे। कलाकारों ने दर्शकों से बड़ी संख्या में सिनेमाघरों तक पहुंचकर छत्तीसगढ़ी सिनेमा को समर्थन देने की अपील की।

निर्माता-निर्देशक मनीष मिश्रा ने बताया कि “मोर जहुरिया” पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति और रहस्य से जुड़ी ऐसी कहानी है, जिसमें गांव की मान्यताएं, तंत्र-मंत्र, जादू-टोना, रोमांच, कॉमेडी और प्रेम कहानी का बेहतरीन मेल देखने को मिलेगा। फ़िल्म की कहानी तखतपुर क्षेत्र के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे नवरात्रि के दौरान “काली माता” की सवारी आने की मान्यता से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि फ़िल्म दर्शकों को अंत तक बांधे रखने वाली रहस्यमयी यात्रा पर ले जाएगी।
अभिनेता अजय पटेल ने बताया कि फ़िल्म की शूटिंग बिलासपुर, मस्तूरी, जयराम नगर और रायपुर समेत कई खूबसूरत लोकेशनों पर मात्र 15 दिनों में पूरी की गई। वहीं फ़िल्म के चर्चित गीतों की शूटिंग चिरमिरी और रायपुर के विशेष स्थानों पर की गई है। उन्होंने कहा कि “मोर जहुरिया” में दर्शकों को छत्तीसगढ़ी कलाकारों का शानदार अभिनय और तकनीकी रूप से बेहतर प्रस्तुति देखने को मिलेगी।
अपने फ़िल्मी सफर को साझा करते हुए अजय पटेल ने बताया कि वे अब तक छत्तीसगढ़ी, भोजपुरी और उड़िया भाषा की 74 से अधिक फ़िल्मों एवं एल्बम में अभिनय कर चुके हैं। बिलासपुर निवासी होने के कारण उनका विशेष जुड़ाव छत्तीसगढ़ी सिनेमा से रहा है। उन्होंने कहा कि इस फ़िल्म में उनका किरदार बेहद चुनौतीपूर्ण और कई रहस्यमयी शेड्स से भरपूर है। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने अपने चर्चित डायलॉग सुनाकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
अभिनेत्री शालिनी विश्वकर्मा ने कहा कि “मोर जहुरिया” उनके करियर की तीसरी फ़िल्म है और यह उनके लिए बेहद खास प्रोजेक्ट साबित होगी। इससे पहले वे “बिरनपुर फाइल्स” में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उनका लोकप्रिय एल्बम सॉन्ग “मोर बर ले देना राजा” दर्शकों के बीच काफी पसंद किया गया था और अब उन्हें इस फ़िल्म से भी बड़ी उम्मीदें हैं।
वहीं अभिनेत्री अमृता कुशवाहा ने बताया कि यह उनकी दूसरी फ़िल्म है। इससे पहले वे “हंडा” में अभिनय कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि “मोर जहुरिया” एक पारिवारिक पृष्ठभूमि पर आधारित सस्पेंस ड्रामा है, जिसमें रहस्य और भावनाओं का अनोखा संगम दर्शकों को अंत तक रोमांचित करेगा।

प्रेसवार्ता के अंत में फ़िल्म की पूरी टीम ने दर्शकों से अपील करते हुए कहा कि वे 29 मई को सिनेमाघरों में पहुंचकर “मोर जहुरिया” का आनंद लें और छत्तीसगढ़ी सिनेमा को अपना प्यार और समर्थन दें।

