पूर्व मंत्री विधायक अमर अग्रवाल खुद उतरे मैदान में मधुसूदन राव को जिताने आम जनता से की अपील…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नगर पालिका निगम बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर तारबहार में भाजपा पार्षद प्रत्याशी मधुसूदन राव के समर्थन में चुनावी माहौल पूरी तरह भाजपा के पक्ष में नजर आया। विधायक अमर अग्रवाल ने वार्ड में जनचौपाल, मोहल्ला बैठकों और घर-घर जनसंपर्क के माध्यम से नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों से संवाद कर कमल फूल छाप पर मतदान करने की अपील की।

चुनाव प्रचार की शुरुआत गुरु घासीदास मंदिर एवं शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद विधायक अमर अग्रवाल ने वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति के लिए प्रतिबद्ध है तथा भाजपा का पार्षद बनने से वार्ड के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, सफाई, शुद्ध पेयजल, आवास सहित सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता है। वार्ड की महिलाओं एवं नागरिकों ने महतारी वंदन योजना और आयुष्मान स्वास्थ्य योजना में कई हितग्राहियों के वंचित रहने की शिकायत विधायक के समक्ष रखी। इस पर अमर अग्रवाल ने भरोसा दिलाया कि भाजपा पार्षद बनने पर सभी पात्र लोगों को योजनाओं का समान रूप से लाभ दिलाया जाएगा।

विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हमेशा जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर कार्य करते हैं और नगर निगम में भाजपा की मजबूत उपस्थिति से वार्ड सहित पूरे शहर के विकास को मजबूती मिलेगी। उन्होंने वार्डवासियों से भाजपा प्रत्याशी मधुसूदन राव को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

इस दौरान बड़ी संख्या में वार्ड के नागरिक, महिला बहनें, युवा साथी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

