हर वर्ग समुदाय की समस्याओं पर त्वरित सक्रियता से आमजन को मिल रही बड़ी राहत…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] जिला प्रशासन द्वारा आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनता जा रहा है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में आज अपर कलेक्टर एस.एस. दुबे ने बड़ी संवेदनशीलता के साथ लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने निजी एवं सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। प्रशासन की तत्परता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए।

ग्राम दर्रीघाट की श्रीमती संगीता खांडे ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि सीमित आय में किराए के मकान में रहकर परिवार का पालन-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। वहीं तखतपुर ब्लॉक के परसदा निवासी संतोषी निर्मलकर ने नया बीपीएल राशन कार्ड बनाए जाने की मांग रखी।

पचपेड़ी तहसील के ग्राम गोड़ाडीह निवासी लकेश्वर ने अपनी भूमि के डायवर्सन की अनुमति हेतु आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि वे भूमि के एक हिस्से का उपयोग व्यवसायिक कार्य के लिए करना चाहते हैं।
इधर ग्राम खमतराई के ग्रामीणों ने प्राचीन तालाब को अतिक्रमण और प्रदूषण से बचाने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि असामाजिक तत्व तालाब में लगातार गंदगी फेंक रहे हैं, जिससे पर्यावरण और गांव की आस्था दोनों प्रभावित हो रही हैं।
जनदर्शन में कपसिया कला के दिव्यांग सावन कुमार ने ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने आवेदन दिया।
जबकि फजलबाड़ा वार्ड क्रमांक 33 गांधीनगर की राधा गायकवाड़ एवं शिवकुमारी यादव ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान पर मुआवजे की मांग की। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक विशाल बरगद का पेड़ उनके मकानों पर गिर गया, जिससे भारी नुकसान हुआ है और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे मकान की मरम्मत कराने में असमर्थ हैं।

अपर कलेक्टर एस.एस. दुबे ने सभी आवेदकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के नेतृत्व में जिला प्रशासन लगातार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय नजर आ रहा है। जनदर्शन के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच भरोसे का रिश्ता और अधिक मजबूत हो रहा है।

