चलती कार की छत पर बैठ युवती ने बनाई वीडियो, वायरल होते ही पुलिस की सख्त कार्रवाई…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
सोशल मीडिया पर वायरल होने और कुछ लाइक्स-फॉलोअर्स पाने की होड़ अब लोगों की जान जोखिम में डाल रही है। बिलासपुर में एक ऐसा ही खतरनाक मामला सामने आया, जहां चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंटबाजी करते हुए रील बनाई गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई।
यह पूरा मामला थाना कोनी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक तुर्काडीह-सकरी बाईपास रोड पर देर रात एक आर्टिका कार में जानलेवा स्टंट किया गया। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार कार की छत पर एक युवती बैठी हुई है, जबकि चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन दौड़ा रहा है। युवती स्टंट के दौरान रील बनाती नजर आ रही है। इस हरकत से न केवल युवती की जान खतरे में पड़ी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी दांव पर लग गई।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी धर्मेंद्र सूर्यवंशी निवासी सेंदरी ने थाना कोनी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 24 मई 2026 की रात लगभग 11:10 बजे से 25 मई की रात 12:30 बजे के बीच मौहारपारा-निरतू रतनपुर रायपुर रोड पर आर्टिका कार क्रमांक CG 10 CD 1416 का चालक तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि चालक ने कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंट किया, जिससे गंभीर हादसे की आशंका बन गई थी। शिकायत के आधार पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 263/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी वाहन चालक राहुल कौशिक पिता भागवत कौशिक उम्र 30 वर्ष निवासी सरकंडा बिलासपुर के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वायरल वीडियो की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया का खतरनाक ट्रेंड
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आजकल सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए युवा खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि किसी भी वक्त बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।
पुलिस की अपील:-
बिलासपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी न करें। कुछ सेकंड की लापरवाही जिंदगीभर का दर्द बन सकती है।
सख्त चेतावनी:-
पुलिस ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया रील या वायरल वीडियो के नाम पर लोगों की जान खतरे में डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रील का रोमांच कुछ पल का हो सकता है, लेकिन एक हादसा पूरी जिंदगी तबाह कर सकता है।

